Madhya Pradesh-Chhattisgarh Breaking News in Hindi: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से जुड़े हर दिन बड़ी खबरें आती रहती हैं. आज के भी अपडेट पर यहीं पर जान सकते हैं. जैसे टी20 वर्ल्ड कप फाइनल (India vs New Zealand T20 World Cup Final) में भारतीय टीम की जीत के बाद देशभर में क्रिकेट प्रेमी जश्न के मूड में है. रात भर फैंस ने पटाखे फोड़े हैं. वहीं, भारत की जीत पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने टीम को बधाई दी. एमपी और छत्तीसगढ़ के मौसम की बात करें तो दोनों जगह मौसम शुष्क बना रहेगा. दिन भी तपिश बढ़ने लगी है.
यहां पढ़ें पल-पल के न्यूज अपडेट्स...
Karila Dham: करीला धाम में 20 लाख का चढ़ाया और सोने-चांदी के आभूषण आए
अशोकनगर जिले के करीला धाम में रंगपंचमी पर आयोजित तीन दिवसीय मेले का समापन हो गया. मेले के बाद प्रशासन ने मंदिर की दानपेटियां खोलकर चढ़ावे की गणना की, जिसमें लाखों रुपये की नगदी, विदेशी मुद्रा और सोने-चांदी के आभूषण प्राप्त हुए.
भक्तों ने माता जानकी के चरणों में 20 लाख रुपये से अधिक की दानराशि अर्पित की. इसके अलावा सोने की नथ, चांदी की बिछिया, आंखें, खड़ाऊ, छतरियां और शिखर जैसे कई आभूषण भी चढ़ाए गए. दानपेटियों में संयुक्त अरब अमीरात, थाईलैंड और नेपाल की विदेशी मुद्रा भी मिली, जिससे स्पष्ट हुआ कि विदेशों से भी श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचे थे.
दानराशि की गणना राजस्व विभाग की टीम ने करीला ट्रस्ट की सचिव और तहसीलदार सोनम शर्मा के नेतृत्व में की. यह प्रक्रिया सुबह से शुरू होकर शाम तक चली. इसके साथ ही भक्तों द्वारा चढ़ाए गए नारियल की भी नीलामी की गई, जिसमें 2 लाख 1 हजार रुपये की बोली लगी.

Seoni News: 15 हजार की रिश्वत लेते सरपंच गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के ग्राम पलारी के सरपंच रामगोपाल डेहरिया को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. शिकायतकर्ता शिवचरण नागवंशी ने ईओडब्ल्यू से शिकायत की थी कि सरपंच टपरिया (छोटा मकान) बनवाने के नाम पर 15 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं. शिकायत की पुष्टि होने के बाद ईओडब्ल्यू टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही सरपंच ने रिश्वत की राशि ली, उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है.

कांग्रेस नेता ने की आदिवासी समुदाय के लिए अलग धर्म कोड की मांग
भोपाल में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आदिवासी समुदाय के लिए अलग धर्म कोड की मांग उठाई है. अनूपपुर में आयोजित आदिवासी समाज के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आदिवासियों की पहचान बचाने के लिए अलग धर्म कोड जरूरी है. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक आवेदन भेजने की अपील करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश से कम से कम 50 लाख फॉर्म केंद्र सरकार तक पहुंचने चाहिए. सिंघार ने कहा कि यदि आदिवासियों को किसी अन्य धर्म में शामिल कर दिया गया तो उनकी पहचान, आरक्षण और वन अधिकार प्रभावित हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि यह मांग राष्ट्रपति तक पहुंचनी चाहिए ताकि आदिवासी समाज की आवाज सुनी जा सके.
सीएम के कार्यक्रम में हादसा, तीन गिरफ्तार
उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के कार्यक्रम के दौरान हुए हादसे के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. घटना रविवार को रंगपंचमी के अवसर पर आयोजित श्रीकृष्ण सुदामा रंगोत्सव के दौरान संतराम सिंधी कॉलोनी चौराहे पर हुई थी. यहां मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मंच बनाया गया था. कार्यक्रम के दौरान मंच से करीब 15 फीट की दूरी पर फायर शॉट चलाया गया, जिससे तेज धमाका हुआ और आसपास धुआं फैल गया. इसके बाद आग की चपेट में आने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में करीब दस लोग झुलस गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया. मामले की जांच करते हुए बिलगंगा पुलिस ने इवेंट मैनेजमेंट से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है.

विधायकी गंवाने वाले विधायक सुप्रीम कोर्ट जाएंगे
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर खंडपीठ द्वारा विजयपुर विधानसभा सीट से विधायक मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन रद्द किए जाने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है. कोर्ट ने पूर्व मंत्री रामनिवास रावत को विधायक घोषित किया है. इस फैसले के बाद भाजपा खेमे में खुशी का माहौल है, जबकि कांग्रेस में मायूसी देखी जा रही है. इस मामले में मुकेश मल्होत्रा के वकील प्रतीक विसोरिया ने कहा कि वे हाईकोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं, लेकिन अदालत ने उन्हें सुप्रीम कोर्ट में अपील करने के लिए समय दिया है. वे इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे.
भाजपा से लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस से फूलो देवी राज्यसभा के लिए निर्विरोध चयनित
Rajya Sabha Elections 2026: छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव 2026 की सियासी लड़ाई खत्म हो गई है. भाजपा से लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस से फूलो देवी नेताम राज्यसभा के लिए निर्विरोध चयनित हुई हैं. किसी तीसरे उम्मीदवार के नामांकन नहीं करने के कारण दोनों का निर्विरोध चयन हुआ है. बता दें कि छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए दो सीटों पर चुनाव होने थे. विधायकों के संख्या के हिसाब से एक-एक सीट कांग्रेस और भाजपा के खाते में जाती थी.

एक क्लिक पर जानिए कौन हैं लक्ष्मी वर्मा? 1990 में पार्टी की सदस्य बनी, पार्षद रहीं
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा बिहार में पर्यवेक्षक नियुक्त
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा को भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. भाजपा ने उन्हें बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. पार्टी नेतृत्व ने आगामी राज्यसभा चुनाव की तैयारियों और रणनीति को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी है. विजय शर्मा संगठन और चुनावी प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं, जिसे देखते हुए उन्हें यह अहम दायित्व सौंपा गया है.

MP Congress: कांग्रेस विधायक का चुनाव रद्द, पूर्व मंत्री रावत MLA बने
MP Congress: मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर खंडपीठ ने एक अहम फैसले में विजयपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक सुनील मल्होत्रा का चुनाव रद्द कर दिया है. अदालत ने भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मंत्री रामनिवास रावत की चुनाव याचिका को स्वीकार करते हुए यह फैसला सुनाया.
दरअसल, श्योपुर जिले के विजयपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर रामनिवास रावत ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी. याचिका में आरोप लगाया गया था कि कांग्रेस प्रत्याशी सुनील मल्होत्रा ने नामांकन दाखिल करते समय अपने खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाई और गलत शपथ पत्र प्रस्तुत किया. सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने आरोपों को सही माना और मल्होत्रा का चुनाव निरस्त कर दिया. साथ ही अदालत ने भाजपा उम्मीदवार रामनिवास रावत को विजयी घोषित किया. हालांकि, अदालत ने सुनील मल्होत्रा को फैसले के खिलाफ उच्च अदालत में अपील करने के लिए एक सप्ताह का समय भी दिया है. इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. एक क्लिक पर पढ़ें पूरी खबर...

सुनील मल्होत्रा और पूर्व मंत्री रामनिवास रावत
Chhattisgarh High Court Bomb Threat: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
Chhattisgarh Hindi News: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है. हाईकोर्ट परिसर में बम होने का दावा करते हुए ईमेल भेजा गया. सूचना मिलते ही डॉग स्क्वायड और बम स्क्वायड मौके पर जांच में जुटे. सुरक्षा के मद्देनजर सभी कोर्ट रूम में सुनवाई फिलहाल रोक दी गई.
इससे पहले 25 फरवरी को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल आया था. उस समय की जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी. फिलहाल एहतियातन पूरे हाईकोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है.
बिजासन घाट के जंगल में अज्ञात बुजुर्ग महिला का शव मिलने से सनसनी
मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की बॉर्डर स्थित बिजासन घाट क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई. जब डबल पुलिया के पास जंगल में स्थित एक नाले में अज्ञात बुजुर्ग महिला का शव मिला. सूचना मिलते ही बिजासन चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने डबल पुलिया के नजदीक जंगल के नाले में एक महिला का शव पड़ा हुआ देखा. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही बिजासन चौकी प्रभारी रोहित पाटीदार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. प्रारंभिक जांच में शव लगभग 10 से 12 दिन पुराना बताया जा रहा है. काफी समय तक पड़े रहने के कारण शव सड़-गल चुका था और उस पर जंगली जानवरों द्वारा नोचने के निशान भी दिखाई दिए.
Bulldozer Ran on Encroachment: सिरसोदिया बना छावनी, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
Dhar Hindi News: धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के सिरसोंदिया में प्रशासन ने भारी पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है. दरअसल, शनिवार को प्रशासनिक अमला यहां अतिक्रमण हटाने पहुंचा था, तभी आक्रोशित ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया था, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी. वहीं, थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मी घायल हुए थे. दो दिन पूर्व हुए हंगामे के बाद प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को सामान खाली करने के लिए दो दिन की चेतावनी दी थी. समय सीमा पूरी होने के बाद आज फिर प्रशासन ने पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की.
प्रशासनिक टीम ने पहले मकान को खाली करवाया. इसके बाद पोकलेन व जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माण को तोड़ा गया. बताया जा रहा है कि इस अतिक्रमण को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था. जिस जमीन पर अवैध अतिक्रमण किया गया था, वह भूमि धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर की बताई जा रही है.
How Many Cheetah in India: कूनो नेशनल पार्क से फिर आई खुशखबरी
Cheetah Project in India: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क (Kuno National Park) में चीतों का कुनबा बढ़ रहा है. नामीबिया से लाई गई चीता ज्वाला दूसरी बार मां बन गई है. उसने 5 शावकों को जन्म दिया है. इसकी जानकारी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने एक्स पर दी है और वीडियो भी शेयर किया है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Harda News: हरदा जिले में गेहूं की फसल में भीषण आग, करीब 50 एकड़ फसल जलकर राख
Wheat Field Caught Fire: मध्य प्रदेश के हरदा जिले में गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि हरदा-खंडवा स्टेट हाईवे पर पुराने टोल छिपाबड़ के पास खेतों में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के खेतों में फैल गई, जिससे करीब 50 एकड़ गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई. आग लगने से किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है.
Madhya Pradesh Hindi News: खौलते पानी में गिरकर गंभीर झुलसी बच्ची, हालत नाजुक
Barwani News: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में एक बच्ची खौलते हुए पानी (Child Girl Fell into Hot Water) में गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई है. परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है. अंजड थाना क्षेत्र के कापलीपुरा गांव की रहने वाली 8 साल की बच्ची की फिलहाल जिला अस्पताल में इलाज जारी है. कापलीपुरा के रहने वाले मनोहर ने बताया कि उनकी दोनों बेटियां खेल रही थी और पास ही में नहाने के लिए एक पतीले में गर्म पानी रखा हुआ था, जिसमें वैष्णवी गिर पड़ी. आनन-फानन उसे अंजड अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बड़वानी रेफर कर दिया.
Chhattisgarh Hindi News: बालोद कोर्ट के बाद बेमेतरा जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
Bomb Threat: छत्तीसगढ़ के बालोद कोर्ट (Balod Court Bomb Threat) के बाद बेमेतरा कोर्ट (Bemetara Court Bomb Threat) को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है. बम की धमकी मिलने के बाद बेमेतरा जिला एवं सत्र न्यायालय को खाली कराया गया है. जिला प्रशासन और पुलिस की टीम जांच कर रही है. डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की टीम भी मौके पर पहुंच गई है.
जबलपुर में आयोजित भाजपा की कार्यशाला में शामिल होने पहुंच रहे मंत्री और कार्यकर्ता
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव समेत भाजपा सरकार के मंत्रियों, नेता एक साथ इकट्ठे हो रहे हैं. जबलपुर में आयोजित हो रही चार संभागों की कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, गुजरात के प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं.
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत जबलपुर के भाजपा कार्यालय में कार्यशाला का आयोजन हो रहा है. जबलपुर, रीवा, शहडोल और छिंदवाड़ा संभाग के 19 जिलों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं. 400 से ज्यादा विषय वक्तागण कार्यशाला में शामिल किए जाएंगे. कार्यशाला में शामिल होने के लिए प्रदेश सरकार के कई मंत्री जबलपुर पहुंच गए हैं.
महुआ बीनने से अफसर बनने तक
Success Story: कहते हैं कि हालात चाहे कितने भी कठिन क्यों न हों, अगर इरादे मजबूत हों तो इंसान अपनी तकदीर खुद लिख सकता है. ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी है सविता प्रधान (Savita Pradhan) की, जिन्होंने गरीबी, अत्याचार, संघर्ष और कठिन परिस्थितियों के बीच अपने सपनों को जिंदा रखा और कड़ी मेहनत के दम पर आज एक अफसर बनकर समाज के लिए मिसाल बन गई हैं. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Chhattisgarh Hindi News: नशे में धुत पति बना हैवान, पत्नी का सिर दीवार में मार-मारकर की हत्या
Bilaspur Husband Kill Wife: बिलासपुर में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. नशे में धुत पति ने अपनी ही पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. आरोप है कि आरोपी ने पत्नी का सिर बाथरूम की दीवार में पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया. घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर की बताई जा रही है. मृतका 37 वर्षीय पुष्पलता यादव है. वहीं, उसका पति युवराज यादव (43) अभी फरार है.
प्रसव के दौरान अस्पताल के टेबल से गिरी गर्भवती, मृत बच्चे को दिया जन्म
Shahdol District Hospital News: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के शहडोल (Shahdol) के कुशाभाऊ ठाकरे जिला अस्पताल (Kushabhau Thackeray District Hospital) में एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बड़ी लापरवाही सामने आई है. दरअसल, यहां प्रसव कराते वक्त एक महिला टेबल से नोचे गिर पड़ी. बताया जाता है कि इसके बाद बड़ी मुश्किल से महिला का प्रसव हुआ, जिसमें महिला ने मृत बच्चे को जन्म दिया. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
'छत्तीसगढ़ को धान के कटोरे की जगह अफीम का कटोरा बना देगी सरकार'
छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने शून्यकाल में दुर्ग में अफीम की खेती का मामला उठाया है. चरण दास महंत ने कहा कि भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ को धान के कटोरे की जगह 2047 तक अफीम का कटोरा बनाना चाहती है. नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि अफीम मामले में प्रशासनिक अमला भी शामिल है. उन्होंने सदन में स्वतंत्र कमेटी या सीबीआई से जांच की मांग की. इस पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने पलटवार करते हुए कहा कि इसमें कांग्रेस शामिल है. उन्होंने कहा कि चार साल से कांग्रेस के सरक्षण में अफीम की खेती हो रही है. इस दौरान सदन में जमकर हंगामा हुआ.
Indore Airport: इंदौर आने वाली फ्लाइट भोपाल एयरपोर्ट की गईं डाइवर्ट
Flights Divert to Bhopal Airport: इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट (Devi Ahilyabai Holkar Airport, Indore) के रनवे पर तकनीकी दिक्कत आ गई है, जिस कारण इंदौर आने वाली फ्लाइट डाइवर्ट की गई हैं. दिल्ली से इंदौर आ रही फ्लाइट को भी भोपाल भेज दिया गया है. अधिकारी रनवे पर पहुंचकर जायजा ले रहे हैं. फिलहाल अस्थाई रूप से यह बदलाव किया गया है.
Dhan Kharidi in Chhattisgarh: आदिवासी किसानों का धान नहीं खरीदने का सरकार पर आरोप
CG News in Hindi: छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट सत्र के दौरान सदन में कांग्रेस विधायक कवासी लखमा (Congress MLA Kavasi Lakhma) ने धान खरीदी का मुद्दा उठाया. विधायक लखमा ने आरोप लगाया कि 5 जिलों में 700 टोकन धारी आदिवासी किसानों का धान नहीं खरीदा गया है. धान बेचने के लिए 32,200 किसानों ने पंजीकरण कराया था. लोन लेकर खेती करने वाले किसान धान नहीं बिकने से बहुत दुखी हैं. उन्होंने कहा कि क्या सरकार किसानों का कर्जा खत्म कर पाएगी.
इस पर मंत्री दयालदास बघेल ने जवाब में कहा कि जो किसान धान बेचने केंद्र नहीं पहुंचे, उनका धान कैसे खरीदें? इस दौरान मंत्री दयालदास बघेल के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने वॉकआउट किया और विपक्षी सदस्यों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
Chhattisgarh Vidhan Sabha Budget Session 2026: भाजपा विधायक ने कुपोषण को लेकर पूछा सवाल
बजट सत्र के दौरान भाजपा विधायक चैतराम ने सदन में दंतेवाड़ा में कुपोषण से पीड़ित बच्चों की संख्या के बारे में पूछा. बच्चों को पोषण का लाभ क्यों नहीं मिल रहा है. मातृ मृत्यु दर कम करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं. इसके अलावा यह भी पूछा कि कितने आंगनबाड़ी केंद्र स्वयं के हैं और कितने किराये पर हैं?
जवाब में मंत्री लक्ष्मी ने कहा कि जनवरी 2026 की स्थिति में 0-6 उम्र के कुल 5203 बच्चे कुपोषित हैं. साथ ही पोषण के लिए सरकार काम कर रही है. स्वास्थ्य विभाग की मदद दी जा रही है. जिले में 817 भवन स्वयं के और 245 किराए पर हैं.
Madhya Pradesh New: सीहोर में एनएच-46 पर सड़क हादसा, एक युवक की मौत
Sehore NH-46 Road Accident: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में बुधनी नेशनल हाईवे-46 पर देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की जान चली गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए. सभी हताहत मंडीदीप के निवासी बताए जा रहे हैं. हादसा देर रात बुधनी थाना क्षेत्र के गडरिया नाला के पास हुआ था. कार नर्मदापुरम से भोपाल की ओर जा रही थी.
Chhattisgarh Hindi News: बालोद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
Bomb Threat to Balod Court: छत्तीसगढ़ के बालोद कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. धमकी मिलते ही कोर्ट में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने कोर्ट के सभी मजिस्ट्रेट को सुरक्षा के लिए सर्किट हाउस पहुंचाया है. कोर्ट से सभी अधिवक्ताओं को भी बाहर निकाला गया है. पुलिस और बम निरोधी दस्ता मौके पर जांच कर रहा है. इससे पहले भी छत्तीसगढ़ में न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है.
बिना कोचिंग के UPSC में सफलता
Sophia Siddiqui Success Story: सागर शहर की होनहार बेटी सोफिया सिद्दीकी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) 2025 की परीक्षा में 253वीं रैंक हासिल कर सागर जिले का नाम रोशन किया है. खास बात यह है कि सोफिया ने यह सफलता बिना किसी कोचिंग के केवल स्वअध्ययन और कड़ी मेहनत के दम पर प्राप्त की है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Madhya Pradesh News: जीवाजी यूनिवर्सिटी में ‘नंबर स्कैम’
Gwalior Hindi News: ग्वालियर नैक से A डबल प्लस का दर्जा अपने पास रखने वाली मध्य प्रदेश की इकलौती ग्वालियर की जीवाजी यूनिवर्सिटी (Jiwaji University Gwalior) हमेशा से गड़बड़ी और फर्जीवाड़े के लिए सुर्खियों मे रहती है. पहले फर्जी मार्कशीट और फिर फर्जी कॉलेजों को संबद्धता देने के लिए चर्चित रहा. वहीं अब जीवाजी विश्वविद्यालय (JU) में ‘नंबर स्कैम' का मामला सामने आया है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Madhya Pradesh News: तलवार-चाकू लेकर नाच रहे युवकों का वीडियो वायरल
Indore Youth Dancing with Sword and Knife: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले से तीन लड़कों का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह तलवार और चाकू लेकर नाचते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आते ही बाणगंगा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. युवक हथियारों के साथ नाच रहे वीडियो को खुद युवकों ने वायरल किया था. क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है.
Madhya Pradesh Hindi News: एमपी में जूनियर डॉक्टर्स की हड़ताल
Juniors Doctor Strike in MP: मध्य प्रदेश में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ रहा है. जूनियर डॉक्टर्स लंबित स्टाइपेंड संशोधन को लेकर सुबह 9 बजे से हड़ताल पर हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. भोपाल, इंदौर में तो ओपीडी में मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है.
Madhya Pradesh Hindi News: देर रात खेतिया में वन क्षेत्र के मलगांव के जंगल में लगी आग
Fire in Barwani: मध्य प्रदेश में गर्मी की शुरुआत में ही आगजनी की घटनाएं सामने आने लगी है. बड़वानी जिले के खेतिया वन परिक्षेत्र के ग्राम मलगांव के जंगल में रविवार को रात 9 बजे के दरमियान अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. जंगल में सूखी घास और झाड़ियों में आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल गया. इधर, घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए.
Madhya Pradesh Hindi News: भिंड में टोल कर्मचारियों को स्कॉर्पियो सवार लोगों ने जमकर पीटा
Bhind Toll Employees Beaten: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में बरेठा टोल (Baretha Toll) पर मारपीट हो गई. स्कॉर्पियो कार सवार 6 से ज्यादा लोगों ने टोल कर्मचारियों को पीट दिया. इस दौरान जमकर हाथापाई हुई. दोनों के बीच यह विवाद टोल टैक्स मांगने को लेकर बढ़ा था. दहशत के चलते कर्मचारियों ने पुलिस से शिकायत भी नहीं की है. यह टोल भिंड-ग्वालियर NH-719 पर पड़ता है. घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है.
Madhya Pradesh Hindi News: गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलकर खाक
Fire in Godown Ujjain: मध्य प्रदेश के उज्जैन में गर्मी तेज होने के साथ आगजनी की घटनाएं बढ़ती जा रही है. देर रात भी एक गोदाम में आग लग गई, जिससे टेंट का लाखों का सामान जलकर खाक हो गया. आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में करीब डेढ़ घंटा लग गया. घटना नानाखेड़ा पुलिस आगजनी के कारणों की जांच कर रही हैं. इंदौर रोड स्थित जलसा गार्डन के पीछे वेदनगर निवासी नितेश कौशल का गोदाम है, जिसमें टेंट का सामान रखा हुआ था. रात करीब 11 बजे गोदाम में आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया.
Chhattisgarh Hindi News: लाखों की मोबाइल फ़ोन दीवार तोड़ चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
Robbery in Mobile Shop Vishrampur: छत्तीसगढ़ के विश्रामपुर में मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों ने दुकान की पिछली दीवार तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के मोबाइल और घटना में इस्तेमाल किया गया औजार भी बरामद किया है. चोरों ने दुकान में रखे अलग-अलग कंपनियों के 17 नए मोबाइल फोन और रिपेयरिंग के लिए आए 10 पुराने मोबाइल चोरी किए थे. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
MP News in Hindi: अफीम मामले में भाजपा नेता सहित तीनों आरोपियों से पूछताछ करेगी पुलिस
अफीम मामले में जेल में बंद बीजेपी नेता विनय ताम्रकार (BJP Leader Vinay Tamrakar) सहित तीनों आरोपियों से छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस पूछताछ करेगी, जिनका 2 दिन का रिमांड मिला है. कॉल डिटेल, टावर डंप और चैट्स के आधार पर पूछताछ की जाएगी. वहीं, ग्रामीणों की शिकायत पर अतिरिक्त तहसीलदाल क्षमा यदु के नेतृत्व में आरोपी विनायक ताम्रकार की जमीनों का सीमांकन भी कराया जाएगा.
ग्रामीणों का आरोप विनायक ताम्रकार और उसके भाई ने गांव की 150 एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है. इससे शव दफनाने और मुक्तिधान के लिए ग्रामीणों को समस्या होती है. मामले में पुलिस दो फरार आरोपियों को राजस्थान में ढूंढ रही है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Madhya Pradesh Hindi News: भारत की जीत पर पटाखे फोड़ने पर विशेष समुदाय के युवकों ने किया हमला, दो महिला सहित आठ घायल
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित एक कॉलोनी में भारत की जीत पर पटाखे फोड़ने वालों पर विशेष समुदाय के युवकों ने हमला कर दिया. घटना में दो महिला सहित आठ लोग घायल हो गए. मामले में चिमनगंज थाना पुलिस जांच कर रही है. जानकारी के अनुसार, एमआर-4 स्थित राज रॉयल कालोनी में रविवार रात भारत के T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराने पर कुछ युवक आतिशबाजी कर जश्न मना रहे थे. इस पर कॉलोनी में ही रहने वाले अन्य समुदाय के युवकों ने डंडे लेकर हमला बोल दिया. घटना में रविन्द्र सिंह हाड़ा, मनीष महरेले, उसकी पत्नी अनिता मेहरेले, विमला मालवीय, लैला सिंह हाड़ा, मानवेन्द्र सिंह हाड़ा, विशाल मालवीय, दृष्टि सिंह हाड़ा आदि घायल हो गए. पुलिस ने सभी का चरक अस्पताल में उपचार करवाकर हमलावरों पर केस दर्ज किया है.
नीमच में शीतला सप्तमी पर माताजी के मंदिरों में उमड़ी महिलाओं की भीड़
हर साल की तरह इस वर्ष भी होली के सात दिन बाद नीमच में सप्तमी तिथि पर शीतला सप्तमी का पर्व शहर सहित पूरे अंचल में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया. हालांकि कुछ स्थानों पर यह पर्व अगले दिन भी मनाया जाएगा. शीतला सप्तमी के अवसर पर नीमच सिटी स्थित शीतला माता मंदिर में महिलाओं ने पहुंचकर माता का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया. परंपरा के अनुसार, महिलाओं द्वारा एक दिन पूर्व तैयार किए गए बासौड़ा (ठंडे या बासी भोजन) का माता को भोग लगाया गया.
भाजपा-कांग्रेस को आज एक-एक राज्यसभा सदस्य मिल जाएगा
छत्तीसगढ़ में बीजेपी से लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस से फूलो देवी नेताम आज निर्विरोध राज्यसभा सदस्य बन जाएंगी. दो सीटों के लिए हुए चुनाव में तीन नामांकन आए थे. इसमें तेलंगाना के व्यक्ति ने बिना प्रस्तावक और बिना जमानत राशि के आवेदन दिया था, जिसे रद्द कर दिया था. चुनाव मैदान में दो प्रत्याशी के ही वैध नामांकन हैं और दो सीट पर ही चुनाव हैं. ऐसे में दोनों प्रत्याशी का चयन तय माना जा रहा है. छत्तीसगढ़ में बीजेपी के 54, कांग्रेस के 35 और गोंगपा के एक विधायक सदन में हैं. बता दे कि केटीएस तुलसी और फूलो देवी नेताम की सीट खाली हो रही है.

भारत की जीत पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा T-20 वर्ल्ड कप क्रिकेट मुकाबला जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम और समस्त राष्ट्रवासियों को बधाई दी है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैच देखने के पश्चात मैच के विजयी क्षण में उल्लास व्यक्त करते हुए कहा कि भारत इस विजय का हकदार था. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय क्रिकेटर सर्वश्रेष्ठ थे और सर्वश्रेष्ठ हैं. वे वर्ल्ड चैम्पियन की तरह ही खेले, एक बार फिर यह सिद्ध हो गया है कि अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्र प्रेम के भाव के साथ खेलते हुए खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल होते हैं.
वर्ष 2024 में लगभग 2 वर्ष पूर्व भी भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हरा कर वर्ल्ड कप जीता था. आज न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने क्रिकेट के इतिहास में पुनः गौरवशाली अध्याय जोड़ दिया है. यह बहुत हर्ष और गर्व का क्षण है.
T20 World Cup Final 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी शुभकामनाएं
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने भी भारतीय क्रिकेट टीम को जीत की बधाई दी है. उन्होंने एक्स पर लिखा, टी20 विश्वकप के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया के हमारे धुरंधरों ने एक बार फिर विश्व कप का खिताब जीतकर हर भारतवासी को गौरवान्वित किया है. इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. हमारा तिरंगा यूं ही विश्व मंच पर शान से लहराता रहे और भारत का गौरव निरंतर बढ़ता रहे. जय हिन्द! वंदे मातरम्!
छत्तीसगढ़ बजट सत्र का आज छठा दिन
Chhattisgarh Vidhan Sabha Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का आज छठा दिन है, जहां सदन में मंत्री दयालदास बघेल, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े प्रश्नों का जवाब देंगे. वहीं, CM विष्णुदेव साय, मंत्री दयालदास बघेल, मंत्री रामविचार नेताम और मंत्री केदार कश्यप पत्रों को पटल पर रखेंगे. सदन में आज दो ध्यानाकर्षण लगाए गए हैं. विधायक भावना बोहरा, ब्यास कश्यप ध्यानाकर्षण लगाएंगे. गोमती साय प्रतिवेदनों की प्रस्तुति करेंगे. इसके अलावा सदन में अनुदान मांगों पर आज से चर्चा शुरू होगी.
देवास में जीत के जश्न में हुड़दंग, दो जवान घायल; पुलिस ने लाठी पटकाकर भगाई भीड़
Dewas Fireworks after World Cup 2026 Win: एक ओर टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत की जीत पर क्रिकेट फैंस जश्न मना रहे हैं. दूसरी ओर मध्य प्रदेश के देवास जिले में कुछ लोग जश्न के साथ हुड़दंग मचाने लगे. देवास के सयाजी द्वार आतिशबाजी के दौरान लोगों ने QRF बल के दो जवानों ने के पास ही बम फोड़ दिया. इसके अलावा पुलिस बल के अन्य जवान भी आतिशबाजी में घायल हो गए. QRF जवानों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. सीएसपी सुमित अग्रवाल के चेहरे के पास भी जोरदार पटाखा फूटा है. इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए भीड़ को तितर-बितर किया.
India vs New Zealand T20 World Cup 2026 Final: मध्य प्रदेश में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की जीत पर जश्न
Cricket Fans Celebrations and Fireworks in MP: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की जीत के बाद मध्य प्रदेश में क्रिकेट फैंस जश्न के मूड में हैं. मुकाबले का परिणाम आने के बाद रात को ही लोगों ने पटाखे फोड़ने शुरू कर दिए. एमपी के इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर सहित सभी जिलों में क्रिकेट फैंस जश्न मनाते नजर आए. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
MP Weather News: मध्य प्रदेश में धूप की तपिश, पारा 39 डिग्री तक पहुंचा
Mausam Ka Haal: मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत में तेजी से मौसम बदला है. अब दिन में गर्मी का अहसास होने लगा है. आईएमडी का अनुमान है कि इस सप्ताह 2-3 डिग्री का तापमान बढ़ सकता है. वैसे भी दिन में धूप की तपिश अब परेशान करने लगी है. पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में ज्यादा गर्मी पढ़ रही है. एमपी के रतलाम में तो तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया था. इंदौर और उज्जैन संभाग के शहरों में भी ज्यादा गर्मी पड़ रही है. भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में भी तेज धूप निकल रही है. आज भी ज्यादातर शहरों में तापमान 35 डिग्री के पार ही रहने वाला है.