Bargi Dam Cruise Accident: जबलपुर के बरगी डैम की लहरें आज सिर्फ पानी नहीं, बल्कि उन परिवारों की उम्मीदें भी लील गईं जो पिछले तीन दिनों से अपने कलेजे के टुकड़ों की सलामती की दुआ मांग रहे थे. शनिवार की शाम जब 4 साल के मासूम विराज सोनी का निर्जीव शरीर मेडिकल कॉलेज पहुंचा, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं. बदहवास पिता कृष्णा सोनी जब बेटे के शव पर हाथ फेरते हुए बिलखकर बोले "विराज बेटा, उठ...देख तेरा पप्पा आ गया" तो वहां मौजूद पत्थर भी रो पड़े. मां नीतू को पहले ही खो चुके इस परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा है जिसकी भरपाई मुमकिन नहीं.
तीसरे दिन काल के गाल से निकले दो मासूम
जबलपुर के बरगी डैम में 30 अप्रैल 2026 की शाम को हुए क्रूज हादसे के तीसरे दिन आज रेस्क्यू टीम को बड़ी लेकिन बेहद दर्दनाक सफलता मिली है. शनिवार सुबह से जारी सघन तलाशी अभियान में दो बच्चों के शव बरामद किए गए, जिनमें कोतवाली क्षेत्र का विराज सोनी भी शामिल था. इस हादसे में अब तक कुल 11 जिंदगियां काल के गाल में समा चुकी हैं.

jabalpur bargi dam cruise accident rescue update two children bodies found
मामा की उम्मीदें टूटीं, दो दिन से कर रहे थे तलाश
विराज के मामा पिछले 48 घंटों से एक चमत्कार की उम्मीद में पल-पल की खबर ले रहे थे. उन्होंने बताया कि विराज अपनी मां नीतू सोनी के साथ क्रूज पर सवार था. मां का शव पहले ही मिल चुका था, और आज विराज का शव मिलने के बाद इस दुखद घटना का अंत एक भारी सन्नाटे के साथ हुआ.

jabalpur bargi dam cruise accident rescue update two children bodies found
मुंबई के गोताखोरों का संघर्ष और खराब मौसम
NDRF, SDRF और मुंबई से आए विशेषज्ञ गोताखोरों ने आज सुबह 7 बजे से ही मोर्चा संभाल लिया था. विराज के साथ-साथ आयुध निर्माणी खमरिया के कर्मचारी नेता कामराज के 5 वर्षीय पुत्र श्रीतमिल का शव भी बरामद हुआ है. हालांकि, प्रकृति अब भी बाधा बनी हुई है; तेज हवाओं और डैम में उठती ऊंची लहरों के कारण पानी के नीचे 'विजिबिलिटी' शून्य है, जिससे ऑपरेशन में काफी कठिनाई आ रही है. मौके पर PWD मंत्री राकेश सिंह, विधायक नीरज सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसडीएम बरगी अभिषेक सिंह सहित सेना के अधिकारी लगातार मौजूद हैं. प्रशासन का कहना है कि अभी भी 2 लोग आधिकारिक तौर पर लापता हैं, जिनकी तलाश में टीमें अपनी जान की बाजी लगा रही हैं.

Bargi Dam Cruise Accident Jabalpur MP rescue operation updates
यह भी पढ़ें- आर्मी ने रातों-रात बना दी थी 'सड़क'... जबलपुर बरगी डैम क्रूज हादसे के रेस्क्यू ऑपरेशन की इनसाइड स्टोरी
यह भी पढ़ें- मेरी आंखों के सामने पत्नी...जबलपुर क्रूज हादसे में जिंदा बचे शख्स ने बताया उस खौफनाक पल क्या कुछ हुआ?
यह भी पढ़ें - मैंने पापा का हाथ पकड़ा, मम्मी-भाई डूबे, नानी की मौत... जबलपुर क्रूज हादसे में अपनों को खोने वाली बच्ची का दर्द
यह भी पढ़ें - गम और आंसुओं का सैलाब.. जबलपुर बोट हादसे में इस रोती लड़की की तस्वीर झकझोर रही है
यह भी पढ़ें - मां के सीने से लिपटा मिला 4 साल के बच्चे का शव, जबलपुर क्रूज हादसे की ये कहानी कलेजा चीर देगी
यह भी पढ़ें- इजरायली महिला सविता बनीं फरिश्ता? 9 मौतों के बाद सामने आया बरगी डैम में क्रूज पलटने से पहले का VIDEO