Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के इंदौर में ट्रांसजेंडर मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर इनामी राशि बढ़ाई गई है. फरार आरोपी के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति को पुलिस अब 20000 रुपये का इनाम देगी. दरअसल मामले में पुलिस कई दिनों से फरार आरोपी की तलाश कर रही है. लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं. इसके पहले पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी. लेकिन अब इनाम की राशि को बढ़ा दिया है.
ये है मामला
दरअसल इंदौर में ट्रांसजेंडर के गुटीय विवाद के बाद एक धड़े के 24 सदस्यों ने नंदलालपुरा डेरे के भीतर कथित तौर पर आत्महत्या के इरादे से फिनाइल पी लिया था, हालांकि उन्हें वक्त पर अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण उनकी जान बच गई थी. इस मामले में खुद को पत्रकार बताने वाले दो लोगों-पंकज जैन और अक्षय कुमायूं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया था.
घटना के बाद से फरार है आरोपी
भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं धारा-18 ट्रांसजेंडर व्यक्तियों का अधिकार संरक्षण अधिनियम 2019 में फरार आरोपी अक्षय कुमायुं निवासी इन्दौर की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) नगरीय पुलिस अमित सिंह ने 20 हजार रुपये का नगद इनाम घोषित किया है. सूचनाकर्ता की पहचान, उसकी इच्छा अनुसार, पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी.
राशि बढ़ा दी है
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) नगरीय पुलिस अमित सिंह ने बताया कि उक्त प्रकरणों में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु हरसंभव प्रयास किए जाने के बावजूद आरोपी घटना दिनांक से निरंतर फरार है. उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. पूर्व में 18 अक्टूबर 2025 को 10 हजार रुपये इनाम की घोषणा की गई थी. प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस रेग्युलेशन के अंतर्गत कोई व्यक्ति या पुलिस अधिकारी/कर्मचारी थाना पंढरीनाथ पर पंजीबद्ध उपरोक्त प्रकरणों में फरार आरोपी अक्षय कुमायुं निवासी इन्दौर की पतारसी/गिरफ्तारी के लिए सूचना देगा या गिरफ्तारी करेगा/करवाएगा, उसे 20 हजार रुपये नगद इनाम प्रदान किया जाएगा.
ये भी पढ़ें इंदौर के कोचिंग इंस्टीट्यूट में छात्रा से छेड़छाड़, मैनेजर को पीटते हुए पुलिस के पास ले गए परिजन