विज्ञापन

वैलेंटाइन डे 2026: शिवसेना कार्यकर्ताओं खोला मोर्चा, लट्ठ पूजन कर प्रेमी जोड़ों को दी यह चेतावनी

सागर में वैलेंटाइन डे से पहले शिवसेना ने लट्ठ पूजन कर विरोध दर्ज कराया है. प्रेमी जोड़ों और होटल संचालकों को चेतावनी दी गई है कि सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

वैलेंटाइन डे 2026: शिवसेना कार्यकर्ताओं खोला मोर्चा, लट्ठ पूजन कर प्रेमी जोड़ों को दी यह चेतावनी

Valentine Day 2026: मोहब्बत के महीने फरवरी में जहां दुन‍ियाभर में वैलेंटाइन वीक की रौनक है और 14 फरवरी 2026 को वैलेंटाइन डे मनाने की तैयारी चल रही है, वहीं मध्य प्रदेश के सागर में इसके विरोध की तस्वीर सामने आई है. शिवसेना कार्यकर्ताओं ने वैलेंटाइन डे के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए लट्ठ पूजन किया और प्रेमी जोड़ों को सख्त चेतावनी दी.

पहलवान बाबा मंदिर में डंडों का पूजन

बुधवार को सागर जिला मुख्यालय पर शिवसैनिक सिविल लाइन स्थित पहलवान बाबा मंदिर पहुंचे. यहां वैलेंटाइन डे के विरोध में “जहां मिलेंगे बाबू सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना” और “लव जेहादी वैलेंटाइन डे मुर्दाबाद” जैसे पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया गया. पंडित-पुरोहित की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच लट्ठों पर चमेली और सरसों का तेल चढ़ाकर विधिवत पूजन किया गया. इसे “दंड पूजन” नाम दिया गया. 

Valentines Day 2026 Shiv Sena Performs Lath Pujan in Sagar

Valentines Day 2026 Shiv Sena Performs Lath Pujan in Sagar

पार्क और होटलों के बाहर लगाए पोस्टर

पूजन के बाद शिवसैनिकों ने शहर के पार्क, होटल और धार्मिक स्थलों के आसपास पोस्टर चस्पा किए. पोस्टरों में 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे मनाने का विरोध दर्ज कराया गया है. 

शिवसेना के उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने कहा कि वैलेंटाइन डे भारतीय संस्कृति और परंपरा का हिस्सा नहीं है. उनका आरोप है कि कुछ युवक-युवतियां पाश्चात्य संस्कृति का अनुसरण करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय आचरण करते हैं, जिसे शिवसैनिक बर्दाश्त नहीं करेंगे. 

Latest and Breaking News on NDTV

अश्लीलता मिली तो मौके पर कराएंगे शादी

पप्पू तिवारी ने चेतावनी दी कि 14 फरवरी 2026 को यदि कोई प्रेमी युगल सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता करते पाया गया, तो मौके पर ही उनकी शादी करवा दी जाएगी. वहीं, शिवसेना जिला प्रभारी विकास सिंह ने कहा कि संगठन हर वर्ष वैलेंटाइन डे का विरोध करता है और इस बार भी विरोध जारी रहेगा. उनके मुताबिक, “प्रेम की आड़ में अश्लीलता फैलाने वालों को सबक सिखाने” के लिए लट्ठ पूजन किया गया है.

होटल संचालकों को भी चेतावनी

शिवसेना ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी चेतावनी दी है कि 14 फरवरी को किसी प्रकार के फूहड़ या अश्लील कार्यक्रम आयोजित किए गए तो विरोध किया जाएगा. उन्होंने कहा कि विरोध के दौरान यदि कोई अप्रिय स्थिति बनती है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित आयोजकों की होगी. हालांकि, इस पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close