मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में साइबर ठगों ने अब प्रशासनिक अधिकारियों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है. इंदौर नगर निगम आयुक्त के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर उनके ही रिश्तेदारों से 50 हजार रुपये की मांग की गई है. मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. इससे पहले भी शहर के कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम से फेक अकाउंट बनाकर ठगी की कोशिशें सामने आ चुकी हैं.
दरअसल, इंदौर नगर निगम के आयुक्त क्षितिज सिंगल के नाम से ठग ने सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर उनके रिश्तेदारों से 50 हजार रुपये की मांग की. जानकारी मिलने पर निगम आयुक्त क्षितिज सिंगल ने संयोगितागंज थाने में लिखित आवेदन दिया. आवेदन के आधार पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
IAS ने की सतर्क रहने की अपील
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठग ने प्रशासनिक अधिकारी की फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर परिचितों और रिश्तेदारों से पैसों की मांग की. शक होने पर रिश्तेदारों ने निगम आयुक्त को कॉल कर जानकारी दी. गौरतलब है कि इससे पहले इंदौर के पूर्व कलेक्टर और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पी. नरहरी ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फर्जी प्रोफाइल बनाए जाने की जानकारी साझा कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की थी.