Indore Contaminated Water: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में दूषित पानी से होने वाली मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. शहर में दूषित पानी के कारण दो और लोगों की जान चली गई है. जानकारी के अनुसार, दो साल की मासूम रिया प्रजापति और 75 वर्षीय शालिग्राम ठाकुर की इलाज के दौरान मौत हो गई. इन दो नई मौतों के साथ ही शहर में दूषित पानी से मरने वालों का कुल आंकड़ा अब 35 तक पहुंच गया है. हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है. इन दो नई मौतों का दावा परिजनों ने किया है. प्रशासन का कहना है कि समुचित जांच के बाद आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा.
दो साल की रिया ने अस्पताल में तोड़ा दम
शहर के प्रजापति नगर की रहने वाली दो साल की रिया को पिछले कुछ दिनों से लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत थी. परिजनों ने उसे पहले चाचा नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया था. हालत बिगड़ने पर मासूम को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया. डॉक्टरों के अनुसार, दूषित पानी की वजह से हुआ इन्फेक्शन रिया के लीवर तक पहुंच गया था. करीब पांच दिनों तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद रिया ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है.
बुजुर्ग शालिग्राम की 12 दिन के इलाज के बाद मौत
दूसरी दुखद घटना शालिग्राम ठाकुर के साथ हुई. 75 वर्षीय शालिग्राम पिछले 12 दिनों से शेल्बी हॉस्पिटल में भर्ती थे. उन्हें भी दूषित पानी के कारण पेट में गंभीर संक्रमण और डिहाइड्रेशन की समस्या हुई थी. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जब वे घर पहुंचे, तो सोमवार रात अचानक उनकी तबीयत फिर बिगड़ी और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर काफी गुस्सा है कि नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग पानी की गुणवत्ता सुधारने में नाकाम साबित हो रहे हैं.
35 तक पहुंचा मौत का आंकड़ा
इंदौर के कई इलाकों में पिछले कई हफ्तों से गंदे और दूषित पानी की सप्लाई की शिकायतें आ रही हैं. अब तक इस संक्रमण की वजह से 35 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि पानी में बैक्टीरिया के फैलाव के कारण लोगों को गैस्ट्रोएंटेराइटिस और लीवर इन्फेक्शन जैसी बीमारियां हो रही हैं. हालांकि प्रशासन पाइपलाइनों की जांच और क्लोरीनेशन का दावा कर रहा है, खुद मेयर ने भी भागीरथपुरा इलाके में जाकर सप्लाई का पानी पी कर लोगों को भरोसा दिलाया था. अब सवाल यह है कि यदि वाकई ये दो मौतें दूषित पानी की वजह से हुई हैं तो प्रशासन को फिर से अपने इंतजाम को दुरुस्त करने की जरुरत है.
ये भी पढ़ें: कुत्तों की नसबंदी के लिए एक और सेंटर शुरू करेगा ग्वालियर नगर निगम, 5 डॉग शेल्टम होम भी खुलेंगे