Helicopter Wedding VIDEO: शादी को यादगार बनाने की चाह में लोग अक्सर कुछ खास करने की कोशिश करते हैं, लेकिन जब दूल्हा-दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से हो, तो देखने वाले भी दंग रह जाते हैं. रायसेन जिले के सांची में ऐसी ही अनोखी विदाई देखने को मिली, जहां दूल्हे ने करीब 8 लाख रुपये खर्च कर दुल्हन को हेलीकॉप्टर से अपने घर पहुंचाया. यह नज़ारा देखने के लिए सैकड़ों लोग जमा हो गए और हर कोई इस शाही अंदाज़ को देखकर हैरान रह गया.
अनोखी विदाई चर्चा में
सांची में हुई इस शादी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है. बड़े शहरों में भले ही भव्य शादियां आम हों, लेकिन छोटे शहरों और कस्बों में इस तरह की विदाई बहुत कम देखने को मिलती है. दूल्हे का यह शाही अंदाज लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया और कई लोग तो सिर्फ हेलीकॉप्टर देखने ही वहां पहुंच गए.
हेलीकॉप्टर से पहुंचा दूल्हा
यह शादी गैरतगंज निवासी और बोरवेल कारोबारी संतोष राय के छोटे बेटे अनुज राय की थी. अनुज की शादी गुना जिले की सुभशा से सांची के एक शानदार होटल में संपन्न हुई. दूल्हा खुद दुल्हन को लेने के लिए हेलीकॉप्टर से पहुंचा और यह दृश्य लोगों के लिए किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था. जैसे ही हेलीकॉप्टर उतरा, आसपास के लोग इसे देखने के लिए उमड़ पड़े.
तीन दिनों तक चला भव्य समारोह
यह विवाह समारोह तीन दिनों तक चला, जिसमें पारंपरिक रस्मों और आधुनिक साज-सज्जा का शानदार मिश्रण देखने को मिला. हल्दी, मेहंदी, संगीत और वरमाला तक हर कार्यक्रम बड़े पैमाने पर किया गया. लाखों रुपये खर्च कर परिवार ने शादी को पूरी तरह शाही रूप दिया, और हर रस्म को भव्य तरीके से निभाया गया.
दुल्हन की विदाई बना यादगार पल
विदाई के समय सांची के पास आमखेड़ा हेलीपैड पर खास तौर पर एक हेलीकॉप्टर तैयार रखा गया था. जैसे ही दूल्हा-दुल्हन वहां पहुंचे, भीड़ ने मोबाइल निकालकर इस पल को रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया. सांची के इतिहास में यह पहली बार था जब किसी दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से हुई. यह दृश्य न सिर्फ अनोखा था, बल्कि कई युवाओं के लिए चर्चा का नया विषय भी बन गया.
पुलिस को भी करना पड़ा इंतजाम
विदाई के दौरान जुटी भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सांची थाना पुलिस को मौके पर तैनात किया गया. लोग उत्साहित थे और हर कोई नवविवाहित जोड़े को हेलीकॉप्टर में बैठते हुए देखना चाहता था. पुलिस ने व्यवस्था संभाली ताकि भीड़ में कोई अव्यवस्था न हो.