विज्ञापन

11 साल से फरार आरोपी बदली पहचान, बन गया था अघोरी बाबा; MP पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से किया गिरफ्तार

गुना पुलिस ने वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता पाई है. चांचौड़ा पुलिस ने 2015 से फरार चल रहे चोरी के आरोपी घनश्याम शिल्पकार को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी नेपाल सीमा पर साधु बनकर रह रहा था.

11 साल से फरार आरोपी बदली पहचान, बन गया था अघोरी बाबा; MP पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से किया गिरफ्तार
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.
NDTV

मध्य प्रदेश की गुना पुलिस ने वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है. चांचौड़ा पुलिस ने 11 साल से फरार चल रहे चोरी के आरोपी घनश्याम शिल्पकार को गिरफ्तार कर लिया है. खास बात यह है कि पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने अपनी पहचान तक बदल ली थी और नेपाल सीमा के पास साधु का भेष धारण कर रह रहा था.

साथ ही उसका दूसरा नाम समस्या नाथ अघोरी हो गया था. पुलिस के मुताबिक, बीनागंज के बरवटपुरा निवासी घनश्याम शिल्पकार (50) 2015 से फरार था. उसके खिलाफ चोरी के मामले में चांचौड़ा न्यायालय से स्थाई वारंट जारी था.

गिरफ्तारी से बचने को बना अघोरी

इसके अलावा सड़क दुर्घटना से जुड़े एक मामले में ग्वालियर हाईकोर्ट से भी उसके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया गया था. बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए घनश्याम ने दाढ़ी बढ़ा ली और नेपाल के काठमांडू के पास स्थित चिड़ियाला माता मंदिर में साधु समस्यानाथ अघोरी बनकर बनकर रहने लगा. वह लंबे समय तक अपनी असली पहचान छिपाकर वहीं रह रहा था, लेकिन शुक्रवार रात घनश्याम चोरी-छिपे अपने गृह गांव बरवटपुरा पहुंचा.

मुखबिर से सूचना मिलते ही दबोचा

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से उसकी मौजूदगी की सटीक सूचना मिली. सूचना मिलते ही चांचौड़ा पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और गांव पहुंचते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. 11 साल तक पुलिस से बचने वाला आरोपी आखिरकार अपने ही गांव में पुलिस के हत्थे चढ़ गया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया.

आरोपी घनश्याम शिल्पकार उर्फ़ समस्या नाथ अघोरी ने बताया कि उसे एक साधु हरिद्वार से ले गए थे. फिर वहाँ नेपाल बॉर्डर के पास चिड़ियाला आश्रम में रहने लगा था.

बीनागंज चचौड़ा का रहने वाला घनश्याम शिल्पकार के खिलाफ चोरी के मामले में स्थाई वारंट था. साथ ही उसके खिलाफ एक अन्य एक्सीडेंट मामले में जमानती वारंट भी जारी था. वह करीब 10 साल से ज्यादा फरार था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है.

ये भी पढ़ें- 'मुख्यमंत्री जी सड़कें ठीक करवा दीजिए', ग्वालियर की बच्ची ने की भावुक अपील, कहा- स्कूल जाने में होते हैं परेशान

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com