उज्जैन में दिल दहला देने वाली वारदात, पूर्व छात्र ने ही लाठी से पीट-पीटकर रिटायर प्रिंसिपल की कर दी हत्या

उज्जैन में एक पूर्व छात्र ने लाठी से पीट-पीटकर अपने रिटायर प्रिंसिपल की हत्या कर दी. आरोपी पहले भी हिंसक घटनाओं में शामिल रहा है और मानसिक रूप से अर्ध विक्षिप्त बताया जा रहा है. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Ujjain Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पूर्व छात्र ने बिना किसी वजह अपने ही रिटायर प्रिंसिपल की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. आरोपी मानसिक रूप से अर्ध विक्षिप्त बताया जा रहा है. पुलिस को उसे काबू में करने के लिए रस्सियों से बांधना पड़ा, तब जाकर उसकी गिरफ्तारी हो सकी.

गली में जाते वक्त हुआ हमला

जानकारी के अनुसार पीपली बाजार निवासी रमाशंकर शर्मा उम्र 87 वर्ष शासकीय स्कूल से रिटायर प्रिंसिपल थे. मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वह घर के पीछे की गली से पैदल अपनी बेटी के घर जा रहे थे. इसी दौरान गली में लाठी लेकर बैठे मोहन सिंह पिता हरिसिंह उम्र 52 साल ने अचानक उन पर हमला कर दिया.

सिर पर किए ताबड़तोड़ वार

आरोपी ने शर्मा के सिर पर लाठी से इतने वार किए कि वह मौके पर ही गिर पड़े. चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

प्रिंसिपल ने ही पढ़ाया था आरोपी को

क्षेत्रवासियों के अनुसार आरोपी मोहन मंद बुद्धि है और पहले भी दो बार लोगों पर हमला कर चुका है. एक बार उसकी जेब में रखा देशी कट्टा चल गया था, जिसमें वह खुद घायल हुआ था. तीनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज किया था. मृतक के रिश्तेदार रामा गुरु ने बताया कि आरोपी मोहन को रमाशंकर शर्मा ने ही पढ़ाया था. शर्मा की पत्नी का चार माह पहले ही निधन हुआ था.

Advertisement

परिवार डरकर छोड़ गया

पड़ोसियों ने बताया कि मोहन गली से गुजरने वाले लोगों पर लाठी लेकर दौड़ता था. उसके डर से लोग दरवाजे बंद कर रखते थे और बच्चे गली से निकलने से कतराते थे. हालात ऐसे हो गए थे कि चार साल पहले उसके माता-पिता उसे छोड़कर चले गए थे. उसका भाई केवल खाना देने आता था. एएसपी आलोक शर्मा ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है. जांच के बाद यह स्पष्ट किया जाएगा कि वह मानसिक रूप से अर्ध विक्षिप्त है या नहीं. फिलहाल मामले की जांच जारी है. 

बीमार पिता को कंधे पर उठाकर अस्पताल में भटकता रहा बेटा, बंद लिफ्ट और गायब स्टाफ ने बढ़ाया दर्द

Advertisement