शिवपुरी में शराब के नशे में पिता ने 10 साल की बेटी से किया दुष्कर्म, मां ने हैवान पति को पहुंचाया जेल

Shivpuri Crime News: मध्यप्रदेश के शिवपुरी में एक पिता ने रिश्तों का कत्ल करते हुए अपनी ही 10 साल की मासूम बेटी को हवस का शिकार बनाया. बेटी की आपबीती सुनकर मां ने हिम्मत दिखाई और लोक-लाज की परवाह किए बिना हैवान पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Shivpuri Rape Case: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक पिता,जिसे समाज में बेटी का सबसे बड़ा रक्षक माना जाता है,वही भक्षक बन गया. शराब के नशे में चूर इस शख्स ने अपनी ही 10 साल की मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. यह घटना शिवपुरी के तेंदुआ थाना क्षेत्र के अटामानपुर गांव की है, जहां इस काली करतूत के उजागर होने के बाद हर कोई सन्न है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. 

सूने घर में हैवानियत का तांडव

यह खौफनाक वारदात बीते 25 जनवरी की है. जानकारी के मुताबिक मासूम पीड़िता अपने भाई के साथ घर के बाहर खेल रही थी. घर के बाकी सदस्य अपने-अपने कामों में व्यस्त थे. मां मजदूरी करने गई थी और दादा-दादी खेत पर थे. इसी सूनेपन का फायदा उठाकर पीड़िता का पिता गोपाल आदिवासी शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा. उसने अपनी ही बेटी को खाना देने के बहाने कमरे के अंदर बुलाया और दरवाजा बंद कर दिया. अंदर उस हैवान ने मासूम के साथ जबरन दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी.

डर के साये में बीती रातें

मासूम बच्ची इस कदर डर गई थी कि उसने कई दिनों तक किसी को कुछ नहीं बताया. वह सहमी रही और डर के कारण पहले अपनी बुआ के साथ बैतूल चली गई.

इसके बाद वह अपनी मां के साथ मामा के घर पहुंची. अपनों के बीच पहुंचकर उसे थोड़ी हिम्मत मिली और उसने सिसकते हुए अपनी मां को पिता की उस काली करतूत के बारे में बताया.

बेटी के मुंह से पिता की हैवानियत सुनकर मां के पैरों तले जमीन खिसक गई, लेकिन उसने टूटने के बजाय न्याय की राह चुनी.

Advertisement

मां की बहादुरी और पुलिस की कार्रवाई

इस मामले में पीड़िता की मां ने जो साहस दिखाया, वह समाज के लिए एक मिसाल है. कई बार सामाजिक लोक-लाज के डर से ऐसे मामलों को दबा दिया जाता है, लेकिन मां ने अपने पति के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. वह अपनी बेटी को लेकर 4 फरवरी को सीधे तेंदुआ थाने पहुंची और आरोपी पिता गोपाल आदिवासी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

घर के भीतर असुरक्षित बेटियां

तेंदुआ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी गोपाल पुत्र रंगी आदिवासी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. यह मामला एक बड़ा सवाल छोड़ जाता है कि अगर बेटियां अपने पिता के साये में ही सुरक्षित नहीं हैं, तो वे कहां जाएं. हालांकि, मां की हिम्मत ने यह साफ कर दिया है कि अपराधी चाहे घर का ही क्यों न हो, उसे सजा मिलनी ही चाहिए.
ये भी पढ़ें: स्कूल जा रही 8वीं की छात्रा को किडनैप कर किया गैंगरेप! जंगल में बेहोश मिली लड़की तो मचा हड़कंप 

Advertisement