Facebook Friend Fraud: ग्वालियर में ऑनलाइन ठगी का एक नया और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक व्यापारी फेसबुक फ्रेंड (Facebook Friend) के भरोसे गोल्ड ट्रेडिंग में पैसा लगाता गया और कुल 9 लाख रुपए गंवा बैठा. जब उसने अपना पैसा निकालना चाहा, तो ठग ने उस पर 8 लाख रुपए टैक्स का भुगतान करने का दबाव बनाया. रुपये न होने पर व्यापारी को इस तरह बहकाया गया कि वह अपना मोबाइल फोन भी कोरियर से भेज बैठा, ताकि कथित कंपनी उसके मोबाइल से "प्रोसेस करके" पैसे उसके खाते में डाल सके. लेकिन इसके बाद न पैसा मिला और न मोबाइल. ठगी का शिकार व्यापारी अब पुलिस की शरण में है.
फेसबुक आईडी से बात शुरू, व्हाट्सएप पर बढ़ा विश्वास
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुरार सदर बाजार में ‘वीर कंगन पैलेस' के नाम से आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकान चलाने वाले कपूर चंद्र जैन को 20 अक्टूबर 2025 को ‘अम्बीरामी' नाम की फेसबुक आईडी से मैसेज आया. कुछ बातचीत के बाद उस व्यक्ति ने खुद को ‘GBC Gold' नामक कंपनी से जुड़ा बताया और दावा किया कि वह सुरक्षित गोल्ड ट्रेडिंग से मोटा मुनाफा दिला सकता है.
प्लेटफॉर्म पर उसे भारी मुनाफा दिखाया गया, जिससे वह लगातार दस से ज्यादा बार रकम भेजता गया और कुल 9 लाख रुपए निवेश कर बैठा.
30 लाख रुपए का फर्जी प्रॉफिट दिखाकर फंसाया
दिसंबर महीने में व्यापारी को उसके खाते में 30 लाख रुपए का मुनाफा दिखाया गया. लेकिन जैसे ही उसने पैसे निकालने की कोशिश की, उसे बताया गया कि रकम रिलीज करने से पहले 8 लाख रुपए ‘टैक्स' देना अनिवार्य है. पैसे न होने पर जब व्यापारी ने मना किया, तो ठग ने कहा कि वह मोबाइल से जरूरी प्रक्रिया कर उसे पैसा दिलवा देगा. इस झांसे में व्यापारी ने अपना मोबाइल भी कोरियर कर दिया. उसके बाद न पैसे लौटे और न फोन.
पुलिस ने किया मामला दर्ज, बैंक अकाउंट की जांच शुरू
पीड़ित की शिकायत पर मुरार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस उन बैंक खातों की जांच कर रही है जिनमें व्यापारी द्वारा पैसा ट्रांसफर किया गया था. अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक जल्द पहुंचा जाएगा और टीम को लोकेशन ट्रैक करने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले में बड़ा खुलासा किया जाएगा और आरोपियों को पकड़ने कार्रवाई तेज कर दी गई है.
यह भी पढ़ें : सावधान! MP में 10वीं और 12वीं बोर्ड पेपर के नाम पर फ्रॉड; साइबर ठग बैंक खाली करने के लिए ऐसे बिछा रहे हैं जाल
यह भी पढ़ें : MP की राजधानी में युवतियों को निशाना बनाने वाला 'सीरियल कटर मैन' गिरफ्तार, इस वजह से करता था हमला
यह भी पढ़ें : MP की स्कूलों में 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं अब बोर्ड पैटर्न में; इस तारीख से शुरू हो रहे हैं एग्जाम
यह भी पढ़ें : Gehu Kharidi MP 2026: समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए हो जाएं तैयार; पंजीयन कब, कैसे और कहां करें जानिए