Raisen Double Murder Case: रायसेन जिले के सुल्तानपुर थाना (Sultanpur Thana) क्षेत्र के भारतीपुर गांव में डबल मर्डर (Double Murder Case) की सनसनीखेज वारदात सामने आई. 21 वर्षीय युवती अपने भाई के लिए खेत पर खाना लेकर जा रही थी, तभी गांव का ही युवक प्रकाश सिंह भिलाड़ा ने रास्ते में उसे रोक लिया. आरोप है कि आरोपी ने युवती के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की. इसका विरोध करने पर उसने बका (धारदार हथियार) से युवती के जबड़े और गर्दन पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
Raisen Double Murder Case: घटना स्थल का दृश्य
ग्रामीणों ने आरोपी का किया ऐसा हाल
घटना के बाद आरोपी वहां से भाग निकला. लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और बुरी तरह पीट दिया. गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान देर शाम उसकी भी मौत हो गई.
दोनों के घर आमने-सामने, वारदात के बाद तनाव
एएसपी कमलेश कुमार खरपुसे ने बताया कि मृतक युवती और आरोपी युवक के घर एक-दूसरे के आमने-सामने स्थित हैं. घटना के बाद गांव में भारी तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. अधिकारियों ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी है.
हत्या का केस दर्ज, आरोपी की मौत पर अलग जांच
पुलिस के अनुसार, युवती के परिजनों की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. वहीं आरोपी की मौत के बाद उसके परिजन ने भी शिकायत की है, जिसके आधार पर उसके मामले की अलग से जांच शुरू की गई है. पुलिस ने इस घटना से जुड़े छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी.
पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार, युवती की हत्या और आरोपी की पीट-पीटकर हुई मौत, दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम कई पहलुओं की पड़ताल कर रही है. घटनास्थल से बरामद साक्ष्यों, हथियार और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोनों मौतों के कारणों को वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही अंतिम रूप दिया जाएगा.
गांव में तनाव बरकरार, पुलिस की कड़ी निगरानी
डबल मर्डर की इस वारदात के बाद गांव में अभी भी तनाव की स्थिति बनी हुई है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात है. अधिकारी ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें : Superstition: जादू-टोने के शक में बेगुनाह महिला की मौत; अंधविश्वास के चलते कर दिया दोस्त की मां का मर्डर
यह भी पढ़ें : भिंड में बेखौफ़ रेत माफिया कर रहे खुलेआम उत्खनन; शिकायत करने पर मिलती हैं धमकी, दहशत में किसान
यह भी पढ़ें : Turtle Smuggling: पटना-इंदौर एक्सप्रेस में 311 दुर्लभ प्रतिबंधित कछुए जब्त; जानिए कैसे हुआ एक्शन
यह भी पढ़ें : Gehu Kharidi MP 2026: समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए हो जाएं तैयार; पंजीयन कब, कैसे और कहां करें जानिए