विज्ञापन

MP Accident: धार में भीषण सड़क हादसा, मजदूरों से भरी पिकअप पलटने से 12 की मौत, PM-CM ने जताया दुख

मध्य प्रदेश के धार जिले के तिरला बाईपास पर बुधवार रात मजदूरों से भरी एक पिकअप पलटने से 10 से अधिक लोगों की मौत हो गई और कई घायल हैं. वाहन में क्षमता से अधिक 40-45 लोग सवार थे, जिसके कारण संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ.

MP Accident: धार में भीषण सड़क हादसा, मजदूरों से भरी पिकअप पलटने से 12 की मौत, PM-CM ने जताया दुख
धार सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी मजदूरों से भरी पिकअप, 12 की मौत.
sabir khan

Dhar Accident: मध्यप्रदेश के धार जिले में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. तिरला बाईपास पर चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे का समय और विवरण

मयंक अवस्थी  पुलिस अधीक्षक धार के अनुसार, हादसा रात करीब 8:30 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक, लगभग 40 से 45 मजदूर सवार थे. अचानक वाहन के अनियंत्रित होने से वह सड़क पर पलट गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.  

Dhar Accident

Dhar Accident: मयंक अवस्थी  पुलिस अधीक्षक धार के अनुसार, हादसा रात करीब 8:30 बजे हुआ.

मृतकों में बच्चे भी शामिल

इस दर्दनाक दुर्घटना में कई मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. मृतकों में बच्चों के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है, जिसने घटना को और अधिक दुखद बना दिया है.

राहत और बचाव कार्य

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.

दुर्घटना का कारण और जांच

प्राथमिक तौर पर हादसे का कारण वाहन में अत्यधिक सवारियां और संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है. यह हादसा एक बार फिर ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के गंभीर परिणामों की ओर इशारा करता है. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का किया एलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार जिले में हुए इस भीषण सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा जारी बयान में मृतकों के परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की गई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की गई. प्रधानमंत्री ने राहत राशि की घोषणा करते हुए कहा कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी. 

 मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिए सख्त निर्देश और सहायता राशि की घोषणा

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने चिकलिया फाटा के पास हुए इस हादसे को हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं. मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं और घोषणा की है कि सभी घायलों का उपचार नि:शुल्क किया जाएगा. राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी. उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के लिए इंदौर संभागायुक्त और आईजी को तत्काल धार पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close