Dhar Crime News: मध्य प्रदेश के धार जिले के डेहरी क्षेत्र के ग्राम झिगरी बयड़ी में शनिवार एक मृत्यु भोज कार्यक्रम अचानक मातम में बदल गया. मधुमक्खियों के झुंड ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया, हमले में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक ग्रामीण घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार, ग्राम झिगरी बयड़ी में एक परिवार द्वारा परंपरानुसार मृत्यु भोज का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रिश्तेदार, परिचित और ग्रामीण मौजूद थे. भोजन की व्यवस्था चल रही थी और लोग आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड भड़क गया और कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों पर हमला कर दिया. इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन मधुमक्खियों ने कई लोगों को बुरी तरह डंक मार दिए. इससे हुसैन पिता गुलाब, निवासी गातला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए. इनमें से पांच गंभीर घायलों को बाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का प्राथमिक उपचार डेहरी में किया जा रहा है.
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। प्रशासन को सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हुई और घायलों के इलाज की व्यवस्था की गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हुसैन को मधुमक्खियों ने गंभीर रूप से डंक मारे थे, जिससे उनकी मौत हो गई. इस घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है.
भिंड में भीषण हादसा, 5 की मौत, 6 गंभीर, बारातियों को छोड़कर लौट रही बस ने कार को मारी टक्कर