मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कल 30 जुलाई को मतदान होगा. पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने के बाद खाली हुई इस सीट पर सत्ताधारी दल भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के दिग्गज़ नेता घनश्याम सिंह के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला है.
इसे लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली गई है. बुधवार को जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है. सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक वोटिंग होगी, उपचुनाव का परिणाम 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे.
दतिया विधानसभा उप निर्वाचन 2026
— Chief Electoral Officer, Madhya Pradesh (@CEOMPElections) July 29, 2026
30 जुलाई को होने वाले मतदान को लेकर शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कर्मियों को किया जा रहा मतदान सामग्री का वितरण@ECISVEEP @CDatia pic.twitter.com/bUy5LwJpKH
दतिया विधानसभा सीट के आंकड़े और सुरक्षा-व्यवस्था
- मतदान केंद्र- 291
- मतदाता- 2 लाख 20 हजार
- मतदान का समय- सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
- कुल मतदान कर्मी- 1280
- 215 माइक्रो ऑब्जर्वर है, जो चुनाव पर नजर बनाए रखेंगे.
- 320 कुल मतदान दल जो चुनाव कराएगा.
- हर मतदान केंद्र पर सीआरपीएफ (CRPF) के चार जवान रहेंगे.
- पुलिस और एसएएफ (SAF) के जवानों की भी तैनाती.
- 233 मतदान संवेदनशील और 28 अतिसंवेदनशील पोलिंग बूथ.
- 86 दिव्यागों में से 85 का वोट हो चुका.
- आचार सहिंता में अब तक 98 लाख से ज्यादा रुपये और 1650 ग्राम चांदी, 8.5 ग्राम सोने के आभूषण जब्त हुए हैं.
- आचार सहिंता के उलंघन में 6 एफआईआर दर्ज हुई.
- मतदान कर्मियों के लिए लगाई गई हैं 68 बसें.

किस समाज के कितने मतदाता?
- ओबीसी- 95,000
- सामान्य वर्ग- 60,000
- अनुसूचित जाति- 58,000
- ब्राह्मण वोट- 33,300
- मुस्लिम- 8,300
आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार भी मैदान में
दतिया सीट पर भाजपा और कांग्रेस ही नहीं, आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव भी चुनाव मैदान में हैं. वह इस मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, राजनीतिक विश्लेषक डॉ. सत्यप्रकाश शर्मा का कहना है कि चुनाव में जातीय समीकरण अहम भूमिका निभाएंगे. ब्राह्मण, यादव, कुशवाहा और दलित मतदाता इस सीट पर निर्णायक भूमिका में हैं. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के असर से यादव वोट भी भाजपा को फायदा पहुंचा सकता है.