विज्ञापन
This Article is From Mar 28, 2026

गौ तस्करी पर ‘क्रेडिट वॉर’! बजरंग दल और पुलिस के अलग-अलग दावे, 39 गौवंश कराए मुक्त

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में गौ तस्करी के खिलाफ हुई कार्रवाई अब ‘क्रेडिट वॉर’ में बदल गई है. सानी गांव के पास एक कंटेनर से 39 गौवंश मुक्त कराए गए, लेकिन इसे पकड़ने को लेकर बजरंग दल और पुलिस के दावे अलग‑अलग हैं.

गौ तस्करी पर ‘क्रेडिट वॉर’! बजरंग दल और पुलिस के अलग-अलग दावे, 39 गौवंश कराए मुक्त

Cow Smuggling MP: भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र में गौ तस्करी के खिलाफ हुई कार्रवाई अब ‘क्रेडिट वॉर' का रूप लेती नजर आ रही है. एक ओर बजरंग दल के कार्यकर्ता कंटेनर पकड़ने का दावा कर रहे हैं, वहीं पुलिस अपनी गश्त के दौरान कार्रवाई करने की बात कह रही है. घटना बीती रात सानी गांव के पास की बताई जा रही है.

बजरंग दल का दावा- पहले हमने पकड़ा कंटेनर

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के अनुसार उन्हें पहले ही सूचना मिल गई थी कि एक कंटेनर में बड़ी संख्या में गौवंश भरकर अमायन से लहार होते हुए रावतपुरा के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही कार्यकर्ताओं ने सानी गांव के पास घेराबंदी की. बताया गया कि जैसे ही संदिग्ध कंटेनर वहां पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने उसे रोकने की कोशिश की. खुद को घिरता देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर कंटेनर छोड़कर मौके से फरार हो गए. इसके बाद बजरंग दल ने पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया.

39 गौवंश मुक्त, हालत गंभीर

कंटेनर की जांच में गाय, बैल और बछड़ों सहित कुल 39 गौवंश बरामद किए गए. इनमें से करीब आधा दर्जन गायों की हालत बेहद खराब बताई जा रही है. सभी गौवंश को तत्काल लहार की गौशाला भेजा गया, जहां उनका उपचार और देखरेख की जा रही है.

पुलिस का दावा- गश्त के दौरान पकड़ा कंटेनर

वहीं पुलिस की एफआईआर में अलग कहानी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, वह रात में गश्त पर थी, तभी अमायन पेट्रोल पंप के पास एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक आता दिखाई दिया. पुलिस को देखकर चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला. पुलिस का कहना है कि चालक का पीछा भी किया गया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. इसके बाद कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें गौवंश भरा मिला.

मामला दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया है और अज्ञात तस्करों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया है. दिलचस्प बात यह है कि पुलिस ने इस मामले में उप निरीक्षक को फरियादी बनाया है, जबकि बजरंग दल के संतोष चौहान को गवाह के रूप में शामिल किया गया है.

काटने के लिए ले जाए जाने की आशंका

पुलिस ने आशंका जताई है कि इन गौवंश को अवैध रूप से काटने के लिए ले जाया जा रहा था. फिलहाल मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है. गौ तस्करी के इस बड़े खुलासे के बाद जहां एक ओर प्रशासन सख्ती का दावा कर रहा है, वहीं बजरंग दल और पुलिस के अलग-अलग दावों ने इस पूरे घटनाक्रम को चर्चा का विषय बना दिया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com