विज्ञापन

जबलपुर के रेस्तरां में युवती को बार-बार गोदा, किचन में ही कर दी हत्या; CCTV में कैद हुई वारदात

14 अगस्त रात करीब 8 बजे जबलपुर के महफिल रेस्तरां के किचन में खाना बनाने को लेकर मुस्कान और पवन के बीच विवाद हुआ. इस दौरान पवन इतना आक्रोशित हो गया कि उसने कई बार युवती को चाकू से गोदा.

चाकू लेकर खड़ा आरोपी, चाकू लगने के बाद जमीन पर बैठी युवती.
NDTV

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. महफिल रेस्तरां में काम करने वाली युवती को उसके साथी ने चाकू से ताबड़तोड़ गोद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. यह घटना 14 अगस्त की रात हुई थी, लेकिन उसका वीडियो अब सामने आया है, जो काफी भयावह है.

बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे मुस्कान और पवन रेस्तरां के किचन में काम कर रहे थे. खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. विवाद बढ़ने पर मुस्कान ने मैनेजर से पवन की शिकायत की. उसने कहा कि यदि पवन इसी तरह उसे डांटता-फटकारता रहा तो वह काम पर नहीं आएगी. मैनेजर ने पवन को समझाया और बाद में काउंटर पर चला गया.

किचन में ही ताबड़तोड़ घोंपा चाकू

थोड़ी देर बाद दोनों में फिर विवाद हुआ. इस दौरान पवन इतना आग-बबूला हो गया कि उसने किचन में रखा चाकू उठाया और मुस्कान को चाकू से गोदकर मार डाला. आरोपी ने कुछ सेकेंड में ही युवती के पेट पर लगातार कई वार किए. हमले के बाद मुस्कान बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन गंभीर रूप से घायल होकर किचन में ही गिर पड़ी.

वारदात के बाद भी आरोपी कुछ समय तक चाकू हाथ में लिए वहीं खड़ा रहा. बाद में मौके से फरार हो गया. रेस्तरां के अन्य कर्मचारियों ने मुस्कान को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

हत्या से पहले हुई थी कहासुनी

पुलिस का कहना है कि पाटन की रहने वाली मुस्कान एक साल से रेस्तरां में सर्विस प्रोवाइडर का काम कर रही थी, जबकि पवन भी वहीं काम करता था. वह बरगी का रहने वाला है. हत्या से पहले दोनों के बीच कहासुनी हो चुकी थी, तब साथ के लोगों ने शांत करा दिया था.

पवन का अन्य लोगों से भी विवाद होता था

एएसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार, शुरुआती जांच में मुस्कान द्वारा पवन की मैनेजर से की गई शिकायत को हत्या की वजह माना जा रहा है. पुलिस को पता चला कि पवन का काम के दौरान अन्य कर्मचारियों से भी विवाद होता रहता था. आरोपी पवन को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया. पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और सामने आए वीडियो के आधार पर जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- प्रेमिका की शादी से नाराज प्रेमी ने गिफ्ट में दिया बम, विस्फोट में पति और भाई की मौत; कोर्ट ने दी उम्रकैद की सजा

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com