छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की शादी हो जाने के बाद गिफ्ट में बम दे दिया था, जिसमें युवती के पति और पति के भाई की मौत हो गई थी. वहीं, चार लोग घायल हो गए थे. इस मामले में कोर्ट ने युवक को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, कबीरधाम जिले के चमारी गांव निवासी मेहर सिंह मेरावी के घर 31 मार्च 2023 को शादी समारोह था. इस दौरान उन्हें कई गिफ्ट भी मिले थे, जिन्हें उन्होंने एक कमरे में रख दिया. शादी के बाद 3 अप्रैल की सुबह उन्होंने गिफ्ट में मिले होमथिएयटर को चलाने की कोशिश की, जिसके लिए उन्होंने बिजली से जोड़ा. जैसे ही ऑन किया, जोरदार धमाका हो गया.
धमाके में दो भाइयों की मौत
विस्फोट इतना तेज था कि कमरे की छत और दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं. हादसे में हेमेंद्र मेरावी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेमेंद्र के भाई राजकुमार मेरावी की इलाज के दौरान मौत हो गई. सौरेभ, सूरज, शिव, दीपक और शेर सिंह को भी चोटें आईं.
पुलिस को मिला बारूद
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से बारूद, तार, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री, होमथिएटर का कार्टन, अलमारी का टुकड़ा और अन्य सबूत इकट्ठा किए. जांच में पता चला कि शादी में गिफ्ट के रूप में होमथिएटर सरजू उर्फ संजू मरकाम ने दिया था, जो हेमेंद्र मेरावी की पत्नी लालिता धुर्वे का प्रेमी था.
पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की. पुलिस को आगे पता चला कि आरोपी सरजू ने प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद के बाद हेमेंद्र मेरावी और उसके परिजनों को निकसान पहुंचाने के लिए विस्फोटक होमथिएटर में लगाया था. आरोपी की निशानदेही पर बारूद और अन्य सामग्री भी बरामद की गई.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सबूत इकट्ठा किए और चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की. अदालत ने उसे दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई और ₹9,500 का अर्थदंड भी लगाया.
ये भी पढ़ें- शादी में DJ बजाया तो वर-वधु पर 21-21 हजार जुर्माना! रिंग सेरेमनी, प्री-वेडिंग शूट पर भी रोक, लेकिन ऐसा क्यों?