मध्य प्रदेश के भिंड जिले में जानलेवा हमले में घायल शख्स ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. तलवार और चाकुओं के हमलों में घायल दीपक खत्री का ग्वालियर के अस्पताल में इलाज चल रहा था. युवक की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और ठेले पर शव रखकर सीधे कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन किया. परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की.
परिजनों ने मांग की दो आरोपी पहले गिरफ्तार हुए हैं और तीसरे आरोपी वकील सहित अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर सभी पर हत्या का मुकदमा चलाया जाए. पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की. बाद में सीएसपी द्वारा निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देने पर परिजन शांत हुए.
मिलने के बहाने वकील ने बुलाया
दरअसल, घटना 29 जुलाई की रात लक्ष्मी नगर इलाके की है. कोतवाली थाना क्षेत्र के भीमनगर में रहने वाले दीपक खत्री के परिजनों ने बताया कि उसे वकील उपेंद्र कुशवाह ने फोन कर मिलने के बहाने बुलाया था. जैसे ही दीपक पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर तलवार और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमलावरों ने उसके चेहरे और शरीर पर कई वार किए और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए.
तलाश करने पहुंची पत्नी को घायल हाल में मिला
कुछ देर तक दीपक घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी ज्योति उसे तलाशते हुए लक्ष्मी नगर पहुंची, जहां वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला. परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया. दो दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद दीपक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
हमले के बाद पुलिस ने पत्नी के बयान के आधार पर विजय खत्री और सत्यम के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. अब दीपक की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धाराएं जोड़ने की कार्रवाई की जा रही है.
मुंहबोले साले ने घटनास्थल तक बुलाया
मृतक के पिता का आरोप है कि इस पूरी वारदात में हिमांशु सोनी, कुलदीप गुर्जर और वकील उपेंद्र कुशवाह की भी भूमिका है. उनका कहना है कि उपेंद्र कुशवाह, जो दीपक का मुंहबोला साला बताया जा रहा है, ने भरोसे का फायदा उठाकर उसे घटनास्थल तक बुलाया, जहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद एक आरोपी उनकी किराना दुकान पर पत्थर लेकर पहुंचा और परिवार को धमकाने की कोशिश की. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है.
ये भी पढ़ें- शादी के 168 घंटे बाद तलाक! इंदौर में महज 7 दिन में क्यों टूट गया 7 जन्म का बंधन