विज्ञापन

चलती कार में हैवानियत! गांव छोड़ने के बहाने युवती को बैठाया, दुष्कर्म के बाद सड़क पर फेंका

भिंड जिले के सुरपुरा थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती ने परिचित युवक पर कार में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. पीड़िता का दावा है कि आरोपी गांव छोड़ने के बहाने कार में बैठाकर ले गया और वारदात के बाद सड़क पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

चलती कार में हैवानियत! गांव छोड़ने के बहाने युवती को बैठाया, दुष्कर्म के बाद सड़क पर फेंका

मध्य प्रदेश के भिंड जिले से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है. सुरपुरा थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती ने अपने परिचित युवक पर चलती कार में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसे गांव छोड़ने का झांसा देकर कार में बैठाया और रास्ते में उसके साथ जबरदस्ती की. आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी और उसके साथी ने युवती को सड़क पर धक्का देकर फेंक दिया तथा किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी.  

अहमदाबाद में साथ करते थे काम

पुलिस के अनुसार पीड़िता अटेर क्षेत्र के मधैयापुरा गांव की रहने वाली है. वह पिछले तीन वर्षों से अहमदाबाद के एक पार्लर में कैशियर के रूप में काम कर रही थी. वहीं नाबली गांव निवासी सुमित यादव भी उसी पार्लर में कार्यरत था. इसी दौरान दोनों की पहचान हुई थी और एक-दूसरे को जानते थे.

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह कुछ दिन पहले अपने गांव आई हुई थी. बुधवार 15 जुलाई की दोपहर वह सुरपुरा थाना क्षेत्र के हनुमान मंदिर के पास अपनी बुआ का इंतजार कर रही थी. इसी दौरान सुमित यादव अपने एक साथी के साथ कार लेकर वहां पहुंचा. युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसे नाबली गांव छोड़ने की बात कही. परिचित होने के कारण उसने भरोसा किया और कार में बैठ गई.

चलती कार में दुष्कर्म का आरोप

पीड़िता के मुताबिक वह कार की पिछली सीट पर बैठी थी और उसके पास सुमित यादव बैठा था, जबकि दूसरा युवक वाहन चला रहा था. आरोप है कि रास्ते में चलते वाहन के अंदर सुमित यादव ने उसके साथ दुष्कर्म किया. युवती का कहना है कि उसने विरोध किया, लेकिन आरोपी नहीं माना. घटना के बाद वह भय और सदमे की स्थिति में रही.

सड़क पर धक्का देकर फेंकने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि वारदात के बाद आरोपी उसे अटेर किले की तरफ से वापस सुरपुरा क्षेत्र लाए और परा गांव के पास सड़क किनारे कार से धक्का देकर उतार दिया. जाते समय आरोपियों ने किसी को घटना की जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी.

परिजनों को सुनाई आपबीती

घटना के बाद युवती ने अपने परिजनों को फोन कर मौके पर बुलाया. परिजनों के पहुंचने पर उसने पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर सुरपुरा थाने पहुंचे, जहां शिकायत दर्ज कराई गई. पीड़िता की शिकायत के आधार पर सुरपुरा थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमित यादव और उसके साथी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पीड़िता के बयान दर्ज किए गए हैं और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई चल रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close