विज्ञापन

MP में श्मशान घाट से अस्थियां चोरी, परिजनों ने बताया तंत्र मंत्र का शक; पुलिस जांच में जुटी

28 जुलाई को पथरिया जाट निवासी जगन सूर्यवंशी, 80, का अंतिम संस्कार हुआ. अगले दिन अस्थि-संग्रह के लिए परिवार पहुंचा तो जगह खाली थी, न अस्थियां थीं न राख. परिजनों ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दी.

MP में श्मशान घाट से अस्थियां चोरी, परिजनों ने बताया तंत्र मंत्र का शक; पुलिस जांच में जुटी
थाने पर शिकायत लेकर पहुंचे लोग.
NDTV

मध्य प्रदेश के सागर जिले में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. आमतौर पर घरों, दुकानों या वाहनों की चोरी की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन इस बार चोरों ने श्मशान घाट को ही निशाना बना लिया. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम पथरिया जाट स्थित श्मशान घाट से एक मृतक की अस्थियां और राख रहस्यमय ढंग से गायब हो गईं. घटना के बाद मृतक के परिजन सदमे में हैं और उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की है. वहीं, परिजनों ने इस घटना के पीछे तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियों की आशंका भी जताई है.

जानकारी के अनुसार, पथरिया जाट गांव निवासी जगन सूर्यवंशी (80) का 28 जुलाई को निधन हो गया था. परिजनों ने उसी दिन गांव के श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया था. हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अगले दिन अस्थि-संग्रह करने के लिए परिवार के सदस्य श्मशान घाट पहुंचे. वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. जिस स्थान पर अंतिम संस्कार किया गया था, वहां न तो मृतक की अस्थियां थीं और न ही राख दिखाई दी. इससे परिवार के लोग स्तब्ध रह गए और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई.

अस्थियां-राख गायब

परिजनों ने काफी देर तक आसपास तलाश की, लेकिन अस्थियों और राख का कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद परिवार के सदस्य सीधे सिविल लाइन थाना पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की.

पहले कभी नहीं सुनी ऐसी घटना

मृतक के पुत्र मोहन सूर्यवंशी ने बताया कि उनके पिता का अंतिम संस्कार 28 जुलाई को पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया था. अगले दिन जब परिवार के सदस्य अस्थियां लेने पहुंचे तो वहां कुछ भी नहीं मिला. उन्होंने कहा कि ऐसी घटना पहले कभी देखने या सुनने में नहीं आई. उन्होंने आशंका जताई कि संभवतः किसी व्यक्ति ने तंत्र-मंत्र या अन्य अंधविश्वास से जुड़े कारणों के चलते श्मशान घाट से अस्थियां और राख उठा ली हों. उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों का पता लगाने की मांग की है.

लोग तंत्र-मंत्र से जोड़कर देख रहे

इस घटना के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट जैसी जगह से अस्थियां गायब होना बेहद असामान्य घटना है. कुछ लोग इसे अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कई लोगों का मानना है कि घटना के पीछे कोई शरारती तत्व भी हो सकता है. फिलहाल घटना ने पूरे क्षेत्र में कौतूहल और चिंता का माहौल बना दिया है.

पुलिस ने क्या कहा

मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार द्वारा थाना पहुंचकर आवेदन दिया गया है. आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अस्थियां किस परिस्थिति में गायब हुईं. यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें- MP Cabinet Decision: हर शुक्रवार को जमीन पर उतरेंगे मंत्री और अफसर, कैबिनेट में बोले CM; जानें बैठक में कौन से लिए गए फैसले

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close