विज्ञापन

वेदांता प्लांट हादसा: मौतों का आंकड़ा पहुंचा 25, पश्चिम बंगाल के विश्वजीत साहू ने तोड़ा दम

Vedanta plant Accident: सक्ती जिले में स्थित वेदांता लिमिटेड के प्लांट में 14 अप्रैल को हुए भीषण हादसे में हताहतों की संख्या बढ़ती जा रही है. इलाज के दौरान एक और श्रमिक की मौत के साथ अब कुल मृतकों का आंकड़ा 25 हो गया है.

वेदांता प्लांट हादसा: मौतों का आंकड़ा पहुंचा 25, पश्चिम बंगाल के विश्वजीत साहू ने तोड़ा दम

Vedanta Power Plant: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आ रही है. वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे के नौवें दिन भी मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. गुरुवार को इलाज के दौरान एक और श्रमिक की मौत हो गई, जिसके बाद इस भयावह औद्योगिक दुर्घटना में जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 25 हो गई है.

कार्डियक अरेस्ट ने छीनी विश्वजीत की सांसें

सक्ती पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस ताजा मौत ने प्रशासन और श्रमिक परिवारों की उम्मीदों को करारा झटका दिया है. मृतक की पहचान विश्वजीत साहू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे. 14 अप्रैल को हुए हादसे में बुरी तरह घायल होने के बाद उन्हें रायपुर के कालड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

चिकित्सकों के अनुसार, विश्वजीत का संघर्ष नौवें दिन समाप्त हो गया. बुधवार की सुबह उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. उनके निधन की खबर मिलते ही उनके परिजनों और साथी श्रमिकों में शोक की लहर दौड़ गई है.

हादसे की भयावहता: 35 श्रमिक हुए थे शिकार

बता दें कि 14 अप्रैल की दोपहर 2:33 बजे वेदांता पावर प्लांट में मौत का तांडव शुरू हुआ था. प्लांट के बॉयलर फर्नेस (भट्टी) में जोरदार धमाका हुआ, जिसका सीधा असर वहां से गुजरने वाली स्टीम पाइप पर पड़ा. पाइप फटने के कारण भीषण गर्मी और भाप ने वहां मौजूद श्रमिकों को अपनी चपेट में ले लिया.

इस हादसे का शिकार कुल 35 श्रमिक हुए थे. घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 05 श्रमिकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था. 20 अन्य श्रमिकों की मौत पिछले 9 दिनों में अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान हुई. 03 श्रमिकों की हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है और वे जीवन-मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं. 05 श्रमिक वर्तमान में 'अंडर ऑब्जर्वेशन' हैं और विभिन्न अस्पतालों में उनका उपचार चल रहा है. 02 श्रमिकों को स्वास्थ्य में सुधार होने पर अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है.

सुरक्षा मानकों पर उठते सवाल

इस भीषण दुर्घटना ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की पोल खोल कर रख दी है. 14 अप्रैल से शुरू हुआ मौतों का यह सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है. जहाँ एक ओर घायल श्रमिक दम तोड़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रभावित परिवारों में गहरा आक्रोश व्याप्त है. सक्ती पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं, लेकिन 25 परिवारों के चिराग बुझने के बाद अब प्रबंधन की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
फिलहाल, पुलिस ने विश्वजीत साहू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. अस्पताल में भर्ती अन्य घायल श्रमिकों के लिए अगले कुछ घंटे बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close