रायपुर में सनी लियोनी की नाइट DJ पार्टी कैंसिल, बजरंग दल के विरोध के बाद आयोजकों ने लिया बड़ा फैसला

रायपुर में 22 फरवरी को होने वाली नाइट DJ पार्टी से सनी लियोनी की उपस्थिति बजरंग दल के विरोध के बाद रद्द कर दी गई. ‘बिस्मिल की महफ़िल टेक्नो म्यूजिक पार्टी’ के टीज़र में उनके आने का दावा किया गया था, जिसके बाद विरोध तेज हो गया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Sunny Leone Raipur Controversy: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 22 फरवरी को होने वाली नाइट DJ पार्टी तब विवादों में घिर गई, जब कार्यक्रम में सनी लियोनी के आने की घोषणा वायरल हुई. लगातार विरोध और चेतावनी के बाद आयोजकों ने कार्यक्रम से सनी लियोनी की उपस्थिति रद्द कर दी. इस फैसले के बाद सोशल मीडिया से लेकर शहर तक इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है.

रायपुर में आयोजित होने वाली ‘बिस्मिल की महफ़िल टेक्नो म्यूजिक पार्टी' का टीजर जैसे ही सामने आया, उसमें सनी लियोनी की मौजूदगी ने हलचल मचा दी. विरोध बढ़ने पर आयोजकों ने स्पष्ट कर दिया कि सनी अब रायपुर नहीं आएंगी. मंच संचालकों ने प्रमोशनल पोस्टर से उनकी तस्वीर भी हटा दी है.

बजरंग दल का जोरदार विरोध

सनी लियोनी के कार्यक्रम में शामिल होने की खबर के बाद बजरंग दल ने इसे छत्तीसगढ़ की संस्कृति के खिलाफ बताया और आयोजन रद्द करने की चेतावनी दी. जिला संयोजक रवि वाधवानी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि “राम जी के ननिहाल छत्तीसगढ़ में कोई अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.” उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे कार्यक्रम भारतीय मर्यादाओं और सामाजिक मूल्यों पर गलत असर डालते हैं.

विवाद को और भड़काने वाला दूसरा पोस्टर

विरोध थमने से पहले ही कार्यक्रम से जुड़ा एक और पोस्टर वायरल हुआ, जिसमें लड़कियों के लिए फ्री एंट्री का जिक्र था. इस पोस्टर के सामने आते ही बजरंग दल ने इसे “सांस्कृतिक हमला” बताते हुए फिर से चेतावनी दी, जिससे मामला और गर्मा गया.

Advertisement

सोशल मीडिया पर लगातार विरोध

सोशल मीडिया पर रायपुर के लोग दो हिस्सों में बंटे दिखाई दिए. एक पक्ष इसे सिर्फ एक मनोरंजन कार्यक्रम मान रहा है. जबकि दूसरा पक्ष इसे सामाजिक मूल्यों के खिलाफ करार दे रहा है. इस विवाद के बीच अब आयोजकों ने अपना आखिरी फैसला बता दिया है. 

प्रशासन की भूमिका पर सभी की नज़र

अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई औपचारिक बयान नहीं आया है, लेकिन माहौल को देखते हुए इस कार्यक्रम की सुरक्षा और अनुमति को लेकर प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है.

Advertisement