विज्ञापन
This Article is From Jun 07, 2025

छत्तीसगढ़ में बढ़ा कोरोना, 50 मरीजों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, मंत्री ने दिए ये निर्देश 

Corona Cases In Chhattisgarh: राज्य सरकार ने भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार कोविड-19 और मौसमी बीमारियों के संभावित मरीजों के उपचार की संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की है. 

छत्तीसगढ़ में बढ़ा कोरोना, 50 मरीजों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, मंत्री ने दिए ये निर्देश 

Chhattisgarh Corona Case: छत्तीसगढ़ में कोरोना फिर से पैर पसार रहा है.यहां 50 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. बढ़ रही संख्या के बाद अब स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है. स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अफसरों को जरुरी निर्देश दिए हैं. 

ये लक्षण देखे गए

प्रदेश में कोरोना के जो भी मामले सामने आए हैं, उनमें ज्यादातर मरीजों में सामान्य इंफ्लूएंजा जैसे लक्षण ही देखे जा रहे हैं. जैसे हल्का बुखार, सर्दी-खांसी या गले में खराश. विशेषज्ञों के अनुसार इन लक्षणों के चलते अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ी है और मरीजों की स्थिति स्थिर बनी हुई है.

अब तक राज्य में कुल 1183 लोगों की जांच की गई है, जिनमें से 50 व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है. स्वास्थ्य विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि सभी संक्रमितों में सिर्फ सामान्य सर्दी-खांसी जैसे हल्के लक्षण पाए गए हैं और केवल गंभीर लक्षण वाले व्यक्तियों को अस्पताल में उपचार करने के लिए निर्देश दिए गए हैं.

जांच और निगरानी का कार्य जारी

आयुक्त सह संचालक स्वास्थ्य सेवाएं ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए हैं. जिन व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर जांच की जा रही है. साथ ही, उनके निवास क्षेत्रों में स्वास्थ्य दल भेजकर सर्वेक्षण किया गया है. यदि किसी में लक्षण पाए जा रहे हैं तो उसकी जांच कराई जा रही है, और गंभीर लक्षण होने की स्थिति में उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है.

ये भी पढ़ें नक्सलियों के 'काल' IG सुंदरराज को अब भी पसंद है खेती करना! NDTV से बताया- किस चीज का है मलाल?

राज्य भर में मॉक ड्रिल

5 जून 2025 को पूरे राज्य के अस्पतालों में कोविड-19 की रोकथाम एवं उपचार की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई. इस दौरान सभी जिलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और संक्रमण से निपटने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए.

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की तरफ से निर्देश दिए गए हैं कि राज्य के सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों, सिविल सर्जनों और मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पताल  कोविड-19 के संदिग्ध मामलों की निगरानी करें, आवश्यक जांच कराएं, और समय पर सैंपल परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करें.

घबराएं नहीं, सतर्क रहें

भारत सरकार के स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में कोविड-19 के लक्षण सामान्य फ्लू की तरह ही हैं, जिससे घबराने की आवश्यकता नहीं है. राज्य सरकार ने मौसमी बीमारियों और कोविड-19 दोनों से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली है. स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी में हल्के सर्दी-जुकाम, बुखार या गले में खराश जैसे लक्षण दिखें, तो वह निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें. 

ये भी पढ़ें Suspend: आबकारी अधिकारी सस्पेंड, शराब बिक्री में लाखों रुपये की गड़बड़ी आई पकड़ में, जानें पूरा मामला

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com