One-sided Love Attack: एकतरफा प्यार कई बार खतरनाक रूप ले लेता है. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ऐसा ही एक डरावना मामला सामने आया है. महाशिवरात्रि के दिन मंदिर से पूजा कर घर लौट रही एक शादीशुदा महिला पर एक युवक ने बेरहमी से हमला कर दिया. “तू घमंडी है” कहकर उसने कटर से ताबड़तोड़ वार किए.
दरअसल, दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय महिला नारंग मंदिर से पूजा करके घर लौट रही थीं. इसी दौरान योगेंद्र यादव नाम के युवक ने रास्ते में उन्हें रोक लिया. उसने महिला पर गुस्सा दिखाते हुए कहा, “तू घमंडी है, मुझसे बात नहीं करती… मैं तुझे जान से मार दूंगा.” इतना कहने के बाद उसने जेब से कटर निकाला और उनके गले पर वार करने की कोशिश की.
बचाव करते समय महिला बुरी तरह घायल
महिला ने हाथ उठाकर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर लगातार कई वार कर दिए. पहले हाथ पर हमला किया, फिर शरीर के अन्य हिस्सों पेट, छाती और बाजुओं पर ताबड़तोड़ वार करता चला गया. कई जगह गहरे घाव आए और डॉक्टरों को कई टांके लगाने पड़े.
हालत गंभीर पर खतरे से बाहर
हमले के दौरान महिला की चीखें सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़े और युवक को पकड़ने की कोशिश की. भीड़ को आता देख आरोपी भागने लगा, लेकिन लोगों ने महिला को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया. समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई.
शादी से पहले भी करता था परेशान- बहन
घायल महिला की बहन ने कहा कि यह युवक शादी से पहले भी दीदी का पीछा करता था और प्यार करने का दबाव डालता था. वह आते-जाते समय छेड़छाड़ करता था, लेकिन दीदी ने परिवार को कभी नहीं बताया, क्योंकि उन्हें डर था कि कहीं कोई बड़ा विवाद न खड़ा हो जाए.
बहन ने बताया कि वह गुंडे जैसा व्यक्ति है, इसीलिए दीदी हमेशा चुप रहीं.
आरोपी इलाके में फैलाता था दहशत
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि युवक योगेंद्र यादव उर्फ टायलेट पहले से ही बदमाशी करता रहा है. कभी किसी का घर तोड़ देना, कभी हाथ में तलवार लेकर लोगों को डराना, तो कभी मामूली बात पर मारपीट कर देना उसके लिए आम बात थी. लोग उससे डरते थे, लेकिन खुलकर शिकायत करने से हिचकते थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.