देश के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में पहचान बना चुके इंदौर से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने शहर की छवि और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. जर्मनी मूल की एक महिला ने गांधी हॉल परिसर में तैनात सुरक्षा गार्ड पर छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणी करने का आरोप लगाया है. महिला इंदौर घूमने आई थी और ऐतिहासिक गांधी हॉल में तस्वीरें ले रही थी. आरोप है कि इसी दौरान सुरक्षा गार्ड ने उसके साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया. घटना के बाद महिला सीधे थाने पहुंची, जहां उसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
काम के सिलसिले में भारत आई थी महिला
जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय महिला जर्मनी की रहने वाली है और फिलहाल दिल्ली में रह रही थी. वह एक जर्मन कंपनी के काम से भारत आई हुई है. इंदौर प्रवास के दौरान उसने शहर के प्रमुख पर्यटन और ऐतिहासिक स्थलों को देखने का कार्यक्रम बनाया था. इसी क्रम में वह गांधी हॉल पहुंची थी.
गांधी हॉल में सेल्फी लेते समय हुई घटना
बताया गया है कि महिला गांधी हॉल परिसर में घूम रही थी और वहां सेल्फी ले रही थी. इसी दौरान परिसर में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात दीपक मीणा ने कथित तौर पर महिला पर अश्लील टिप्पणियां कीं. महिला का आरोप है कि आरोपी ने उससे आपत्तिजनक व्यवहार भी किया, जिससे वह असहज और परेशान हो गई.
विरोध करने पर जुट गई भीड़
महिला ने जब आरोपी की हरकतों का विरोध किया तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. घटना को लेकर वहां कुछ देर तक हलचल की स्थिति बनी रही. इसके बाद महिला ने मामले को नजरअंदाज करने के बजाय पुलिस तक पहुंचाने का फैसला किया और एमजी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
एमजी रोड थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी सुरक्षा गार्ड दीपक मीणा के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया. प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है.
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब इंदौर देश और विदेश से आने वाले पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. गांधी हॉल शहर के प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों में से एक है, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. ऐसे स्थान पर एक विदेशी महिला के साथ कथित बदसलूकी की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
शहर की छवि को लगा झटका
इंदौर को स्वच्छता, बेहतर नागरिक सुविधाओं और मेहमाननवाजी के लिए देशभर में सराहा जाता है. लेकिन विदेशी पर्यटक से जुड़े इस मामले ने शहर की प्रतिष्ठा को झटका पहुंचाया है. जिस शहर को स्वच्छता के लिए दुनिया मिसाल के रूप में देखती है, वहीं एक विदेशी मेहमान के साथ हुई कथित बदसलूकी ने यह बहस छेड़ दी है कि पर्यटन स्थलों पर महिलाओं और विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने की जरूरत है.