Damakheda Renamed as Kabir Dharm Nagar: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के विकासखंड सिमगा स्थित कबीर पंथ की आस्था का प्रमुख केंद्र दामाखेड़ा का नाम अब आधिकारिक रूप से कबीर धर्म नगर, दामाखेड़ा हो गया है. इस संबंध में राज्य शासन द्वारा राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित कर दी गई है.
मंत्रिपरिषद से मिली थी मंजूरी
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 23 फरवरी 2024 को दामाखेड़ा में आयोजित संत समागम समारोह माघी मेला में शामिल हुए थे. इसी अवसर पर उन्होंने दामाखेड़ा का नाम कबीर धर्म नगर दामाखेड़ा किए जाने की घोषणा की थी.

इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में जून माह में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी. अब राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित होने के साथ ही नाम परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी हो गई है.
देश-विदेश से पहुंचते हैं श्रद्धालु
कबीर धर्म नगर दामाखेड़ा में हर वर्ष माघ पूर्णिमा के अवसर पर विशाल संत समागम समारोह और माघी मेले का आयोजन होता है. इस आयोजन में कबीर पंथ को मानने वाले देश-विदेश के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होते हैं.