Chhattisgarh Vidhan Sabha Congress Appoinments: छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रदेश कांग्रेस ने बड़ी जिम्मेदारियां तय की हैं. वरिष्ठ नेता व बस्तर के विधायक लखेश्वर बघेल को विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष (Deputy Leader) बनाया गया है. वहीं, दलेश्वर साहू को विधानसभा में चीफ व्हिप (Chief Whip) और दिलीप लहरिया को डिप्टी व्हिप (Deputy Whip) की जिम्मेदारी दी गई है. इसकी जानकारी छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने दी है. उन्होंने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सहमति से ये नियुक्तियां हुई हैं.
बता दें कि सोमवार से छत्तीसगढ़ का बजट सत्र शुरू होने जा रहा हैं. वहीं, बुधवार को साय सरकार बजट पेश करेगी. बजट से पहले छत्तीसगढ़ कांग्रेस में ये बदलाव अहम माना जा रहा है. भूपेश बघेल ने सभी को नई जिम्मेदारियों मिलने पर बधाई दी है. उन्होंने आगे कहा कि आप सभी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के सभी विधायक साथी विधानसभा में पूरी एकजुटता से छत्तीसगढ़ के जनहितैषी मुद्दों पर आवाज बुलंद करेंगे.

दलेश्वर साहू और दिलीप लहरिया
कौन है लखेश्वर बघेल?
लखेश्वर बघेल बस्तर से कांग्रेस पार्टी के विधायक हैं. लंबे समय से लखेश्वर बघेल आदिवासी समुदाय का प्रतिनिधित्व करते आए हैं. सदन से लेकर सड़क तक आदिवासी वर्ग की आवाज को बुलंद करते रहे हैं. अब उप नेता प्रतिपक्ष के रूप में लखेश्वर बघेल सदन में विपक्ष की आवाज को मजबूती से उठाएंगे और सरकार की नीतियों व कामकाज पर नजर रखेंगे. कांग्रेस द्वारा इन नियुक्तियों का मकसद विधानसभा में पार्टी की भूमिका को और प्रभावशाली बनाना है.
दलेश्वर साहू पार्टी विधायकों के बीच समन्वय बनाने के का कार्य करेंगे. वहीं, दिलीप लहरिया सदस्यों के बीच तालमेल को मजबूत करेंगे. पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन नियुक्तियों से कांग्रेस की संगठनात्मक पकड़ मजबूत होगी और आगामी विधानसभा सत्रों में विपक्ष की भूमिका अधिक सक्रिय और प्रभावी दिखाई देगी.
कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज
बता दें कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायक दल (Chhattisgarh Congress MLAs Meeting) की बैठक आज होने वाली है. नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की अध्यक्षता में बैठक होगी, जिसमें पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज समेत कांग्रेस विधायक शामिल होंगे. राजीव भवन में आज शाम चार बजे होने वाली बैठक में कांग्रेस भाजपा सरकार को बजट सत्र में घेरने की रणनीति बनाएगी.
राज्यसभा चुनाव 2026 छत्तीसगढ़: भूपेश बघेल दौड़ से बाहर
छत्तीसगढ़ में अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन और लाखों नाम कटने के मुद्दे के बीच राज्यसभा चुनाव 2026 छत्तीसगढ़ को लेकर राजनीतिक गुणा-भाग तेज हो गया है. इसकी झलक रविवार को बालोद में देखने को मिली, जब बालोद पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्यसभा में जाने को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया. उन्होंने साफ कहा कि वे राज्यसभा चुनाव 2026 में प्रत्याशी की दौड़ में नहीं हैं और पार्टी हाईकमान ही प्रत्याशी तय करेगा.
ये भी पढ़ें- Chhattisgarh Budget Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू, क्या हंगामेदार रहेगा पहला दिन?