क्‍या भूपेश बघेल गिरफ्तार होने वाले हैं? सोशल मीड‍िया पर ल‍िखा- 'मैं डरूंगा नहीं, कांग्रेस का सिपाही हूं'

Bhupesh Baghel: पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने दावा किया है कि उनकी गिरफ्तारी से पहले पूरे छत्तीसगढ़ में सर्वे कराया जा रहा है. भिलाई में ऐसी ही एक सर्वे टीम पकड़े जाने के बाद कांग्रेस ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए एफआईआर की मांग की.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Bhupesh Baghel: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी संभावित गिरफ्तारी को लेकर आशंका जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें गिरफ्तार करवाने से पहले एक सर्वे कराया जा रहा है. कांग्रेस के द‍िग्‍गज नेता भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा, “अमित शाह जी! डरूंगा नहीं. तमाम तरह के हथकंडे अपनाकर मुझे बदनाम करने की कोशिशों के बाद अब सर्वे करवाया जा रहा है.”

Advertisement
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “चाहे जो हथकंडा अपनाइए, छत्तीसगढ़ की जनता मेरे और कांग्रेस के साथ खड़ी है. मैं कांग्रेस का सिपाही हूं. न डरे हैं, न डरेंगे, लड़े हैं और लड़ेंगे.”

भूपेश बघेल ने दावा किया कि एक सर्वे एजेंसी की करीब 70 टीमें छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों से पूछ रही हैं कि क्या भूपेश बघेल को गिरफ्तार किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि भिलाई में ऐसी ही एक टीम को उनके साथियों ने पकड़ा, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ.

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि विधि सम्मत कार्रवाई करने की जगह सर्वेक्षण कराया जा रहा है. पहले महादेव सट्टा ऐप मामले में उन पर आरोप लगाए गए और अब पीएमओ के अधिकारियों के सट्टेबाजी से जुड़े चर्चे सामने आने के बाद शराब घोटाले में घसीटने की कोशिश हो रही है. 

भिलाई में सर्वे टीम को लेकर हंगामा

भिलाई के सेक्टर-4 इलाके में सर्वे के दौरान कांग्रेस नेताओं ने एक टीम को पकड़ लिया. बताया गया कि यह टीम गाजियाबाद की थी और ‘वाट्स इंडिया थिंक' नामक कंपनी के लिए काम कर रही थी. टीम में 6 लोग शामिल थे, जो 24 सवालों के साथ सर्वे कर रहे थे.

Advertisement

सर्वे में सरकार की योजनाओं, पूर्व सरकार के कथित शराब घोटाले और पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के साथ-साथ भूपेश बघेल की संभावित गिरफ्तारी को लेकर सवाल पूछे जा रहे थे.

कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश चन्द्राकर और भिलाई के महापौर धीरज बाकलीवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता टीम को भठ्ठी थाने ले गए. कांग्रेस नेताओं ने मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर थाने में जमकर विरोध किया.

ये भी पढ़ें- सुकमा के DSP पर दंतेवाड़ा में हमला, पीछा करते हुए पहुंचे युवक ने चाकू से अफसर के गले पर किया वार, मचा हड़कंप 

Advertisement