Stuart Broad Retirement: तेज गेंदबाज के इन रिकॉर्ड्स को जानकर हैरान रह जाएंगे

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही पांच मैचों की एशेज सीरीज के आखिरी मुकाबले के बाद स्टुअर्ट ब्रॉड अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे.

विज्ञापन
Read Time: 18 mins
स्टुअर्ट ब्रॉड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है.

इंग्लैड के दिग्गज तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड चल रहे एशेज सीरीज के आखिरी मुकाबले के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे. इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की एशेज सीरीज का आखिरी मुकाबला लंदन के केनिंग्टन ओवल में खेला जा रहा है. इस मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद स्टुअर्ट ब्रॉड ने अपने फैसले का ऐलान किया और बताया कि मैच के पांचवे दिन वो अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में आखिरी बार मैदान पर उतरेंगे. स्टुअर्ट ब्रॉड जब अपने करियर को अलविदा कहेंगे तो वह इंग्लैंड के लिए टेस्ट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर रहेंगे. इसके साथ ही वो उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय करियर में 4000 से अधिक रन बनाए हैं, जबकि 800 से अधिक विकेट हासिल किए हैं.

इंग्लैंड के लिए स्टुअर्ट ब्रॉड का सफल करियर रहा है, उन्होंने 167 टेस्ट मुकाबलों में 600 से अधिक विकेट झटके हैं. जबकि वनडे मुकाबलों में उनके नाम 178 विकेट हैं. इतना ही नहीं इस गेंदबाज ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 65 विकेट झटके हैं. स्टुअर्ट ब्रॉड मात्र ऐसे दूसरे तेज गेंदबाज हैं, जिन्होंने अपने करियर टेस्ट करियर में 600 से अधिक विकेट हासिल किए हैं.

Advertisement

ये भी पढ़ें: IND vs WI ODI Series: मोहम्मद सिराज वनडे सीरीज से बाहर, BCCI ने बताया ये कारण

स्टुअर्ट ब्रॉड के करियर पर एक नजर

टी20 विश्व कप के पहले संस्करण में टीम इंडिया के बल्लेबाज युवराज सिंह से एक ओवर में छह छक्के खाने वाले स्टुअर्ट ब्रॉड ने श्रीलंका के खिलाफ 2007 में अपना टेस्ट डेब्यू किया था. इसके बाद से उन्होंने इंग्लैंड के लिए 167 टेस्ट मुकाबलों में 244 पारियों में 17.92 की औसत से 3656 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और 14 अर्धशतक भी आए है. स्टुअर्ट ब्रॉड ने  इसके अलावा टेस्ट की 308 पारियों में 602 विकेट भी हासिल किए हैं. 15 रन देकर 8 विकेट लेना उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था, जो एशेज के दौरान आया था. इसके अलावा उन्होंने 20 बार टेस्ट की एक पारी में फाइव विकेट हॉल लेने का कारनामा किया है, जबकि 3 बार एक टेस्ट मैच में 10 विकेट हासिल किए हैं.

वहीं बात अगर वनडे की करें तो स्टुअर्ट ब्रॉड ने पाकिस्तान के खिलाफ 2006 में अपना डेब्यू किया था, जबकि 2016 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने अपना आखिरी वनडे खेला था. बात अगर वनडे में उनके आंकड़ों की करें तो 121 वनडे मैचों में उनके नाम 178 विकेट हैं. वनडे में उन्होंने 529 रन भी बनाए हैं. स्टुअर्ट ब्रॉड ने वनडे में एक बार फाइव विकेट हॉल लेने का कारनामा भी किया है.

इसके अलावा स्टुअर्ट ब्रॉड ने पाकिस्तान के खिलाफ 2006 में ही अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था, जबकि नीदरलैंड्स के खिलाफ 2014 में उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला खेला था. स्टुअर्ट ब्रॉड ने 56 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 65 विकेट झटके हैं, जबकि उनके बल्ले से 18 रन भी आए हैं.

Advertisement

ये भी पढ़ें: पाकिस्तानी बल्लेबाज ने तोड़ा 146 साल का रिकॉर्ड, टेस्ट में ये कारनामा करने वाला पहला खिलाड़ी

स्टुअर्ट ब्रॉड ने बनाए हैं ये बड़े रिकॉर्ड

नंबर 9 पर बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट में एक पारी में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में ब्रॉड दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 2010 में लॉर्ड्स में 169 रनों की पारी खेली थी.

Advertisement

स्टुअर्ट ब्रॉड अपने करियर में सबसे अधिक टेस्ट मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में पांचवे स्थान पर हैं.

स्टुअर्ट ब्रॉड टेस्ट में 1000 रन, 50 विकेट और 50 कैच लेने वाले खिलाड़ी हैं.

स्टुअर्ट ब्रॉड किसी एक बल्लेबाज को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक बार पवेलियन की राह दिखाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने वॉर्नर को 44 मैचों में 20 बार आउट किया है, जिसमें 4 डक शामिल हैं.

ब्रॉड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 845 विकेट लिए हैं, जो सभी प्रारूपों में किसी तेज गेंदबाज द्वारा लिया गया चौथे सबसे अधिक विकेट हैं. जेम्स एंडरसन (977), ग्लेन मैक्ग्रा (949) और वसीम अकरम (916) इस लिस्ट में पहले तीन स्थान पर हैं.

स्टुअर्ट ब्रॉड ने एशेज में इंग्लैंड के किसी गेंदबाज की तुलना में सबसे ज्यादा विकेट झटके हैं.

ये भी पढ़ें: क्या तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार लेने वाले हैं संन्यास? सोशल मीडिया बॉयो से हटाया क्रिकेटर

ये भी पढ़ें: ‘पैसा... अहंकार... इनको लगता है कि वे सब जानते हैं..' कपिल देव का फूटा गुस्सा


MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.