विज्ञापन

'साहब मेरे पति के कई महिलाओं से संबंध, मना करने पर पीटता है', मोबाइल में चैट देख पत्नी सीधी थाने पहुंची

सागर के गोपालगंज थाना क्षेत्र की 21 वर्षीय विवाहिता ने अपने पति पर अवैध संबंध, मारपीट और जबरन गर्भपात कराने के आरोप लगाए हैं. महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.

'साहब मेरे पति के कई महिलाओं से संबंध, मना करने पर पीटता है', मोबाइल में चैट देख पत्नी सीधी थाने पहुंची

सागर जिले के गोपालगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली 21 वर्षीय विवाहिता ने अपने पति पर कई महिलाओं से कथित रूप से संबंध रखने, महिलाओं को पैसे देकर बुलाने और इसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की है. महिला थाना पुलिस ने शिकायती आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.

शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी शादी फरवरी 2025 में हुई थी. विवाह के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन शादी के कुछ महीने बाद उसके पति के व्यवहार में बदलाव आने लगा. महिला का आरोप है कि पति का कई महिलाओं के साथ संपर्क था और वह लगातार अलग-अलग महिलाओं से बातचीत करता था. पति की गतिविधियों पर संदेह होने के बाद जब महिला ने उसका मोबाइल फोन चेक किया तो उसे कई युवतियों के फोटो और चैट मिलीं.

पैसे देकर महिलाओं को बुलाने की चैट

महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में दावा किया है कि मोबाइल में हुई बातचीत से उसे कथित तौर पर पता चला कि अलग-अलग महिलाओं को पैसे देकर बुलाने की बातचीत की जा रही थी. शिकायतकर्ता के अनुसार, मोबाइल फोन में महिलाओं को बुलाने के एवज में रकम तय किए जाने संबंधी चैट के साथ-साथ पैसों के लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड भी मौजूद थे. महिला का आरोप है कि जब उसने पति से इस संबंध में सवाल किए तो दोनों के बीच विवाद होने लगा.

दोस्त की पत्नी से भी संबंध होने का आरोप

शिकायतकर्ता ने अपने पति पर उसके दोस्त की पत्नी के साथ भी कथित अवैध संबंध होने का आरोप लगाया है. महिला का कहना है कि पति की इन गतिविधियों के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी. उसने जब पति की कथित गतिविधियों का विरोध किया और महिलाओं से संपर्क रखने से मना किया तो उसके साथ मारपीट की गई.

महिला के अनुसार, उसने कई बार पति को समझाने और परिवार बचाने की कोशिश की, लेकिन पति के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया. आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ विवाद और मारपीट की जाती थी. पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है.

तीन माह का गर्भपात कराने का भी लगाया गंभीर आरोप

शिकायत में विवाहिता ने अपने पति पर एक और गंभीर आरोप लगाया है. महिला का दावा है कि गर्भवती होने के बाद उसके पति ने कथित तौर पर जबरन उसका तीन माह का गर्भपात करा दिया. महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में इस घटना का भी उल्लेख करते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है.

महिला का आरोप है कि पति के कथित तौर पर दूसरी महिलाओं से संबंध और उसके साथ किए जा रहे व्यवहार के कारण वैवाहिक जीवन बेहद तनावपूर्ण हो गया. उसने पुलिस से अपने साथ हुई कथित मारपीट, पति के अन्य महिलाओं से संबंध और गर्भपात से जुड़े आरोपों की जांच कराने की मांग की है.

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में महिला थाना प्रभारी संतोषी कनाशिया ने बताया कि महिला द्वारा शिकायती आवेदन दिया गया है. आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के साथ संबंधित तथ्यों और साक्ष्यों को भी देखेगी.

फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें- उज्जैन में शिप्रा आरती को लेकर घमासान: प्रशासन पर भड़के तीर्थ पुरोहित, कहा- कमाई का जरिया बना रही सरकार

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close