Vasundhara Raje Mahakal Darshan Ujjain: विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार को राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने दर्शन कर आशीर्वाद लिया. सुबह मंदिर पहुंचीं राजे ने नंदी हॉल में बैठकर शिव जाप किया और इसके बाद गर्भगृह के द्वार से बाबा महाकाल को जल अर्पित किया. मंदिर परिसर में हुई पूजा-अर्चना के दौरान उन्होंने दर्शन व्यवस्था और मंदिर की सौंदर्यवृद्धि पर संतोष जताया. मंदिर पहुंचने पर सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल और प्रतीक द्विवेदी ने उनका स्वागत किया. पूजा के पश्चात वसुंधरा राजे ने भगवान श्री वीरभद्र और महाकालेश्वर ध्वज चल समारोह में निकाली जाने वाली ध्वजा का पूजन भी किया. नंदी हॉल में नंदी महाराज का पूजन कर उन्होंने पुनः जलाभिषेक किया और मंदिर प्रशासन से दर्शन व्यवस्था को सहज और व्यवस्थित बताते हुए इसकी सराहना की.
महाकाल से पारिवारिक और आध्यात्मिक लगाव
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में वसुंधरा राजे ने कहा कि महाकाल का उनसे पारिवारिक और आध्यात्मिक रिश्ता रहा है. उन्होंने बताया कि सिंधिया राजघराने का सूर्य मंदिर और महाकाल परिसर से वर्षों पुराना संबंध है और इसी कारण उनका महाकाल मंदिर आना एक परंपरा जैसा रहा है. उन्होंने कहा “महाकाल के साथ हमारा रिश्ता सदियों पुराना है. पहले सूर्य मंदिर के पास ही हमारा निवास हुआ करता था, इसलिए यहां दर्शन करना हमारे परिवार की दिनचर्या का हिस्सा था. आज भी हम जब भी अवसर मिलता है, बाबा के दर पर पहुंचते हैं. बाबा महाकाल का आशीर्वाद सदा हमारे साथ रहा है.”
राजे ने कहा कि मंदिर का आधुनिकीकरण और विकसित हो रहे महाकाल परिसर के कारण अब श्रद्धालुओं के लिए दर्शन और सुगम हो गए हैं.
देश-विदेश की कई हस्तियां पहुंच चुकी हैं बाबा के दरबार
महाकाल मंदिर में आस्था रखने वालों में देश-विदेश की बड़ी हस्तियां शामिल हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, RSS प्रमुख मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत कई राष्ट्रीय नेता यहां आशीर्वाद ले चुके हैं. कांग्रेस नेताओं में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के दर्शन भी चर्चा में रहे हैं. विदेशों से भी कई प्रमुख नेता महाकाल के दरबार में आकर अपनी श्रद्धा व्यक्त कर चुके हैं.
यह भी पढ़ें : Mahakal Mandir Puja: महाकाल की शरण में पहुंचे CM मोहन यादव और JP नड्डा; अन्न क्षेत्र में ग्रहण किया प्रसाद
यह भी पढ़ें : MP Vidhan Sabha: सदन में गूंजा गोवंश का मुद्दा; सड़क हादसे और किसानों की क्षति, जानिए पक्ष-विपक्ष ने क्या कहा?
यह भी पढ़ें : MP Vidhan Sabha: मास्टर प्लान पर कांग्रेस का हंगामा; सिंघार ने कहा- CM और मंत्री की लड़ाई में जनता को नुकसान
यह भी पढ़ें : NHAI Projects in MP: ग्वालियर-भिंड-इटावा NH 719 फोर लेन प्रोजेक्ट DPR अंतिम चरण में; जल्द मिलेगी ये सुविधा