विज्ञापन
This Article is From Feb 11, 2026

लव स्टोरी का खौफनाक द एंड: पत्नी के लव ट्रायंगल में पति की हत्या, 6 माह बाद सेप्टिक टैंक से मिला कंकाल

सागर जिले के देवरी में छह माह पहले लापता हुए प्रिंस बाल्मीकि की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है. आरोपी शोएब ने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या कर शव को सैप्टिक टैंक में छिपा दिया था. पुलिस ने नरसिंहपुर से उसे गिरफ्तार कर अवशेष बरामद किए हैं.

लव स्टोरी का खौफनाक द एंड: पत्नी के लव ट्रायंगल में पति की हत्या, 6 माह बाद सेप्टिक टैंक से मिला कंकाल

मोहब्‍बत के महीने में Valentine Day 2026 को लेकर जहां देशभर में प्रेम और विश्वास की बातें हो रही हैं, वहीं मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी से सामने आए छह माह पुराना हत्याकांड ने हर क‍िसी को झकझोर द‍िया. प्रेम प्रसंग, विश्वासघात और नशे की लत ने मिलकर एक युवक की जान ले ली.

देवरी हत्‍याकांड सागर मध्‍य प्रदेश

मध्‍य प्रदेश के सागर जिले के देवरी में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस ने आरोपी के घर के पीछे बने सैप्टिक टैंक से मृतक प्रिंस बाल्मीकि की खोपड़ी और अन्य हड्डियों के अवशेष बरामद किए हैं.

इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शोएब को नरसिंहपुर जिले से गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात कबूल करते हुए प्रेम प्रसंग को इसका कारण बताया है.

गुमशुदगी से हत्या तक की कहानी

पुलिस के अनुसार 20 अगस्त को सागर के लक्ष्मी नगर बहेरिया निवासी 22 वर्षीय प्रिंस बाल्मीकि की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी. उस समय प्रिंस की पत्नी तुलसा ने ही थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी.

प्रारंभिक जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिला और मामला ठंडे बस्ते में चला गया. हालांकि परिजनों के संदेह और पुलिस की सतत निगरानी के चलते आखिरकार इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया. 

Valentine Day 2026 Love Affair Turns Deadly in MP Deori Murder case

Valentine Day 2026 Love Affair Turns Deadly in MP Deori Murder case

प्रेम विवाह, फिर अवैध संबंध

जांच में सामने आया कि प्रिंस की पत्नी तुलसा और शोएब के बीच पहले से प्रेम संबंध थे. बताया गया कि प्रिंस और तुलसा की मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी, जिसके बाद दोनों ने प्रेम विवाह किया.

हालांकि विवाह से पहले ही तुलसा और शोएब के बीच संबंध थे. शादी के करीब एक माह बाद से तुलसा का व्यवहार बदलने लगा और वह अक्सर विवाद करने लगी. बाद में वह प्रिंस के साथ देवरी स्थित अपने मायके में रहने लगी.

नशे की लत और बढ़ता तनाव

देवरी में रहने के दौरान प्रिंस और शोएब के बीच दोस्ती हो गई. पुलिस जांच में सामने आया कि शोएब नशे का आदी था और स्मैक का सेवन करता था. उसने प्रिंस को भी नशे की लत लगा दी.

आरोप है कि वह प्रिंस को नशा कराकर उसकी पत्नी से चोरी-छिपे मिलता था. जब प्रिंस को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई तो उसने विरोध किया, जिससे तनाव बढ़ गया. 

Latest and Breaking News on NDTV

सैप्टिक टैंक में छिपाया शव

थाना प्रभारी हरिराम मानकर के अनुसार पूछताछ में शोएब ने बताया कि 20 अगस्त को उसने प्रिंस को नशा करवाया और फिर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को घर के पीछे बने सैप्टिक टैंक में डाल दिया और ऊपर से कचरा डालकर ढंक दिया. आरोपी करीब एक माह तक मौके की रेकी करता रहा और शव के जल्दी सड़ने के लिए वहां नमक भी डालता रहा.

पुलिस ने आरोपी को सुरक्षा के बीच घटना स्थल पर ले जाकर सैप्टिक टैंक की खुदाई कराई, जहां से खोपड़ी और अन्य हड्डियों के अवशेष बरामद हुए. अवशेषों को डीएनए परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है.

गुजरात भागे आरोपी, वीडियो से खुला राज

घटना के बाद आरोपी शोएब अपनी प्रेमिका तुलसा को लेकर गुजरात चला गया था और वहां साथ रह रहा था. इस दौरान दोनों के कुछ वीडियो परिजनों के हाथ लगे, जिससे उन्हें संदेह हुआ. परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी. तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपी को नरसिंहपुर जिले से गिरफ्तार किया.

परिवार का संदेह सही साबित

मृतक प्रिंस के भाई ने बताया कि परिवार को शुरू से ही आशंका थी कि मामला सामान्य गुमशुदगी का नहीं है. उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की थी. छह माह बाद पुलिस की सक्रियता और परिजनों के सहयोग से मामले का खुलासा हो सका. पुलिस अधीक्षक के अनुसार आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है. यदि अन्य किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जा सके.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close