Ujjain Murder: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के उज्जैन (Ujjain) में बीड़ी नहीं देने पर एक अधेड़ व्यक्ति ने युवक की हत्या कर दी. मामूली बात पर हुई इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक जय प्रकाश ठाकुर (18 वर्ष) अपने दादा-दादी के साथ रहता था. यह मामला शहर से करीब 60 किलोमीटर दूर नागदा स्थित बिड़लाग्राम थाना क्षेत्र के जी-ब्लॉक टापरी का है.
बीड़ी नहीं देने पर की हत्या
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम क्षेत्र में ही रहने वाला मोहनलाल ढोली (50 वर्ष) नशे की हालत में जय प्रकाश के पास पहुंचा और उससे बीड़ी मांगी. जय प्रकाश ने बीड़ी नहीं होने की बात कही. इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया. इस पर ढोली ने तलवार से जय प्रकाश पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से जय प्रकाश मौके पर ही दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि जय प्रकाश अपने दादा-दादी के साथ रहता था और उसके माता-पिता में इंदौर में रहते हैं.
परिजनों ने लगाया आरोप
मामले में पुलिस ने आरोपी ढोली को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि वारदात के समय आरोपी के साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे, लेकिन पुलिस ने एक के खिलाफ ही हत्या का केस दर्ज किया है. परिजनों ने मांग की है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए. उनका कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे.
ये भी पढ़ें: Success Story: 10वीं में स्कूल छोड़ना पड़ा, MPPSC में 6 बार मिली असफलता, अब पहली रैंक लाकर बने FSO अधिकारी