विज्ञापन

MP News: खेत के गड्ढे में डूबे दो मासूम, एक ही परिवार के बच्चों की दर्दनाक मौत से गांव में मातम

 Seoni News: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में खेत के पानी भरे गड्ढे में डूबने से एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.

MP News: खेत के गड्ढे में डूबे दो मासूम, एक ही परिवार के बच्चों की दर्दनाक मौत से गांव में मातम

MP News: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मेहरा खापा के रिंझाई टोला में शुक्रवार शाम एक हृदयविदारक हादसा हो गया. खेत में बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया है.

मृतक बच्चों की पहचान कृष्णा मर्सकोले (लगभग 8-9 वर्ष) और कायरव मर्सकोले (5 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों बच्चे आपस में भाई थे और घर के पास ही खेल रहे थे.

खेलते-खेलते पहुंचे गहरे गड्ढे तक

परिजनों के अनुसार, बच्चे घर के पास स्थित खेत में खेलते-खेलते पहुंच गए. खेत में पहले से ही एक गहरा गड्ढा बना हुआ था, जिसमें पानी भरा हुआ था. खेल के दौरान ही दोनों बच्चे अचानक गड्ढे में गिर गए और बाहर नहीं निकल पाए.

देर से लगी भनक, नहीं बच पाई जान

जब तक परिवार के लोगों को बच्चों के गड्ढे में गिरने की जानकारी मिली, तब तक काफी देर हो चुकी थी. परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. एक ही परिवार के दो मासूमों की एक साथ मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है. हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही कान्हीवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. इसके बाद ही हादसे के वास्‍तव‍िक कारणों का पता चल सकेगा.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close