विज्ञापन

भोपाल ट्वीशा शर्मा केस: आत्महत्या या साजिश? सास ने लगाए ड्रग्स के आरोप, परिवार बोला- ये हत्या है 

भोपाल में ट्वीशा शर्मा की मौत का मामला अब बड़ा विवाद बन गया है. सास ने ड्रग्स के आरोप लगाए हैं, जबकि परिवार इसे हत्या बता रहा है. पति फरार है और जांच पर भी सवाल उठ रहे हैं. छह दिन बाद भी शव नहीं लेने से मामला और गंभीर हो गया है.

भोपाल ट्वीशा शर्मा केस: आत्महत्या या साजिश? सास ने लगाए ड्रग्स के आरोप, परिवार बोला- ये हत्या है 

Twisha Sharma Case Bhopal: भोपाल के एक हाई-प्रोफाइल परिवार में एक महिला की दुखद आत्महत्या से शुरू हुआ मामला अब आरोपों, जवाबी आरोपों और कई अनुत्तरित सवालों की कड़वी कानूनी लड़ाई में बदल गया है. रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह की बहू ट्वीशा शर्मा का शव कटारा हिल्स के बागमुगालिया एक्सटेंशन स्थित ससुराल में फांसी पर लटका मिला था. 

घटना के छह दिन बाद भी ट्वीशा के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया है. उनका विरोध उस जांच को लेकर है, जिसे वे निष्पक्ष नहीं मानते. वे आरोपी सास को मिली अग्रिम जमानत और ट्वीशा के पति समर्थ सिंह के अब तक फरार रहने पर भी सवाल उठा रहे हैं.

सास ने ट्वीशा पर लगाए गंभीर आरोप

मामले ने उस वक्त और गंभीर मोड़ ले लिया, जब जिला अदालत में गिरीबाला सिंह की ओर से दाखिल जमानत आवेदन की बातें सामने आईं. इस याचिका में आरोपी सास ने ट्वीशा पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि वह ड्रग्स की आदी थी और जब उसे नशा नहीं मिलता था तो उसके हाथ कांपने लगते थे. आवेदन में यह भी कहा गया कि ऐसे हालात में ट्वीशा चिड़चिड़ा व्यवहार करने लगती थी.

इन आरोपों ने ट्वीशा के परिवार को और गुस्से से भर दिया है. परिवार का कहना है कि एक मृत महिला के चरित्र पर उस समय सवाल उठाए जा रहे हैं, जब वह खुद अपना बचाव करने के लिए जीवित नहीं है.

जमानत आवेदन में क्या कहा गया?

जमानत आवेदन के अनुसार, ट्वीशा 17 अप्रैल 2026 की सुबह फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी. वह 18 अप्रैल को अपने मायके पहुंची और कथित तौर पर करीब 12 घंटे तक लापता रही. याचिका में दावा किया गया है कि पूछने पर उसने यह नहीं बताया कि वह इस दौरान कहां थी.

मनोचिकित्सकीय उपचार करवा रही थी ट्वीशा

बचाव पक्ष ने मनोचिकित्सकीय उपचार से जुड़े दस्तावेजों का भी हवाला दिया है. दावा किया गया है कि ट्वीशा का इलाज मनोचिकित्सक डॉ. सत्यकाम त्रिवेदी के पास चल रहा था और उसे काउंसलर काकोली रॉय के पास भी भेजा गया था. गिरीबाला सिंह की ओर से कोर्ट में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड भी पेश किए गए हैं, जिनमें दावा किया गया है कि ट्वीशा को उसकी जरूरत के अनुसार नियमित रूप से पैसे दिए जाते थे. ये रकम 5 हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक बताई गई है. 

जमानत आवेदन में दहेज प्रताड़ना के सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा गया है कि ट्वीशा से कभी किसी तरह के दहेज की मांग नहीं की गई.

गर्भवती होने के बाद बदल गया व्यवहार 

सुनवाई के दौरान गिरीबाला सिंह के वकील ने यह भी तर्क दिया कि ट्वीशा गर्भवती थी और गर्भधारण के बाद ससुराल पक्ष के प्रति उसका व्यवहार बदल गया था. बचाव पक्ष ने दावा किया कि परिवार उसकी मेडिकल देखभाल कर रहा था और घटना वाले दिन उसका पति ही उसे ब्यूटी पार्लर लेकर गया था. कोर्ट में पेश विवरण के अनुसार, ट्वीशा का बाद में गर्भपात हो गया था.

ट्वीशा के परिवार ने खारिज किए आरोप

ट्वीशा के परिवार ने ड्रग एडिक्शन के आरोपों को सिरे से खारिज किया है. ट्वीशा की मां रेखा शर्मा ने कहा, “नहीं, ऐसा कुछ भी नहीं था... वह बहुत प्यारी बच्ची थी और उसे किसी तरह की लत नहीं थी.” ट्वीशा की चचेरी बहन मीनाक्षी ने भी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह “बेहद प्रतिभाशाली और जिंदगी से भरी हुई थी... ड्रग्स जैसी कोई बात बिल्कुल नहीं थी.”

ड्रग्स के सवाल पर एडिशनल कमिश्नर का जवाब 

जांच कर रहे अधिकारी एडिशनल कमिश्नर रजनीश कश्यप ने भी कहा है कि अब तक की जांच में ऐसे कोई तथ्य सामने नहीं आए हैं. उन्होंने कहा, “फिलहाल जांच के दौरान ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है.”

दूसरा पोस्टमॉर्टम करने की अपील

ट्वीशा के पिता नवनिधि शर्मा ने इससे भी आगे बढ़कर तत्काल और स्वतंत्र हस्तक्षेप की मांग की है. उन्होंने कहा, “हम मांग करते हैं कि शव खराब होने से पहले तुरंत दूसरा पोस्टमॉर्टम कराया जाए. वे ड्रग्स के आरोप लगा रहे हैं, लेकिन ये आरोप झूठे हैं. सच तो यह है कि अगर ड्रग्स से जुड़ा कोई मामला बनता है, तो वह उनके बेटे के खिलाफ बनना चाहिए, क्योंकि पूरी दुनिया जानती है कि वह बड़ा ड्रग एडिक्ट है. मुझे पूरा शक है कि यह हत्या है.”

11 मई को क्या हुआ? 

11 मई की शाम ट्वीशा ब्यूटी पार्लर से तैयार होकर घर लौटी थी. बताया जाता है कि वह टीवी देख रही थी, तभी उसकी मां का फोन आया. फोन पर बात करते हुए वह छत पर चली गई. कुछ देर बाद कॉल कट गया. रात करीब 10:30 बजे ट्वीशा फांसी पर लटकी मिली.

ट्वीशा के परिवार का दावा है कि अंतिम बातचीत के दौरान वह परेशान लग रही थी. परिजनों का आरोप है कि इतने संवेदनशील मामले में पुलिस ने जरूरी तत्परता नहीं दिखाई, खासकर ट्वीशा के पति समर्थ सिंह की गिरफ्तारी को लेकर, जो घटना के बाद से फरार है.

परिवार ने मांग की है कि जांच मध्य प्रदेश से बाहर की एजेंसी या पुलिस से कराई जाए. वे चाहते हैं कि ट्वीशा का दूसरा पोस्टमॉर्टम एम्स, नई दिल्ली में हो. परिजनों का कहना है कि जब वे कटारा हिल्स थाने पहुंचे, तो थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने उनसे ठीक से बात तक नहीं की. उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग भी की है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close