Madhya Pradesh congress News: गुटबाजी और संगठनात्मक कमजोरी से जूझ रही मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी है. इसी कड़ी में बड़े स्तर पर नगर और मंडलम अध्यक्षों की नियुक्तियां की है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के अनुमोदन के बाद विभिन्न जिलों में नगर अध्यक्ष और मंडलम अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है. जारी सूची के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए नगर स्तर पर नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं.
नगर कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति में भिंड, अनूपपुर, नरसिंहपुर, खंडवा और मंदसौर सहित कई जिलों को शामिल किया गया है. इन जिलों के तहत अलग-अलग शहरों में अध्यक्षों की जिम्मेदारी तय की गई है, ताकि संगठन की पहुंच जमीनी स्तर तक बढ़ाई जा सके. इसके अलावा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मंडल अध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई है, ताकि बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जा सके.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी जी के निर्देशानुसार कटनी ग्रामीण की जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की नियुक्ति की गई है। सभी को बधाई शुभकामनाएँ। pic.twitter.com/S7uW8qWLBN
— MP Congress (@INCMP) March 24, 2026
जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के निर्देश
कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया है कि सभी नव-नियुक्त पदाधिकारी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की नीतियों, सिद्धांतों और संगठनात्मक अनुशासन के अनुसार काम करेंगे. साथ ही उन्हें यह जिम्मेदारी भी दी गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने के साथ आमजन से सीधा संवाद स्थापित करें.
यह भी पढ़ें- पन्ना में पहली बार दौड़ी ट्रेन, करीब 74 किलोमीटर लंबी सतना-पन्ना रेल परियोजना का काम हुआ पूरा
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उम्मीद जताई है कि सभी नए पदाधिकारी अपने दायित्वों का निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे. इन नियुक्तियों के माध्यम से पार्टी संगठन को मजबूती देने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की रणनीति पर काम कर रही है.
यह भी पढ़ें- जन्मदिन से पहले CM मोहन यादव ने दतिया को दी करोड़ों की सौगात; किसान सम्मेलन में किए बड़े ऐलान