भिंड जिले के दबोह थाना क्षेत्र के अमहा ग्राम मोड़ पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हुआ. तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को कुचल दिया, हादसे में भतीजे हिम्मत रजक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चाचा दिनेश रजक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा, उन्होंने डंपर में आग लगा दी. इससे हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस और भीड़ के बीच झूमाझटकी तक की नौबत आ गई.
चाचा-भतीजे बाइक से जा रहे थे
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के सलैया गांव निवासी हिम्मत रजक अपने चाचा दिनेश रजक के साथ बाइक से घर जा रहे थे. इस दौरान अमहा ग्राम मोड़ पर रेत भरने के लिए खदान की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि हिम्मत रजक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घायल दिनेश रजक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
दूल्हे को चाहिए थी बुलेट... डिमांड पूरी नहीं कर सका परिवार, निकाह के 5 घंटे बाद तलाक
डंपर में लगाई आग
युवक की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए. आक्रोशित भीड़ ने दुर्घटना में शामिल डंपर को आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जल गया. इस दौरान भीड़ ने एक अन्य डंपर को भी आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को और बिगड़ने से रोक लिया.
लोगों ने आरक्षक को खदेड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने एक युवक को पकड़ने का प्रयास किया तो भीड़ भड़क उठी और देखते ही देखते झूमाझटकी शुरू हो गई. इस दौरान भीड़ ने एक आरक्षक को खदेड़ दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल चार थानों की पुलिस फोर्स मौके पर भेजी. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर शांत किया, जिसके बाद हालात काबू में आए. डंपर में लगी आग बुझाने के लिए दमकल वाहन बुलाया गया, दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.