मध्य प्रदेश के उज्जैन में पुलिस विभाग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक महिला डॉक्टर ने सब इंस्पेक्टर पर चलती बस में छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. बुधवार को हुई घटना की शिकायत सामने आते ही एसपी प्रदीप शर्मा ने एसआई को सस्पेंड कर जांच के आदेश दे दिए.
घटना के अनुसार, महिला डॉक्टर बुधवार को इंदौर से बस द्वारा नागदा लौट रही थी. इसी दौरान बस से उन्हेल जा रहे एसआई मुन्नालाल सोलंकियों ने रातड़िया क्षेत्र में डॉक्टर के साथ कथित रूप से अभद्रता की. पीड़िता ने नागदा पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से की, जिसमें उन्होंने यात्रा के दौरान हुई कथित छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का विस्तार से उल्लेख किया है.
नागदा मंडी थाना पुलिस जांच कर रही
मामला सामने आते ही एसपी शर्मा ने डीआरपी लाइन में तैनात एसआई सोलंकी को सस्पेंड कर नागदा मंडी थाने के टीआई अमृत लाल गवरी को मामले की जांच के आदेश दे दिए, लेकिन इस घटना से एक बार फिर कुछ पुलिसकर्मियों की कार्यशैली और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं.
बस का वीडियो सामने आया
घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पीड़िता की नाराजगी भरी आवाज आ रही है. पुलिस अब पीड़िता के साथ बयान के साथ बस में मौजूद यात्रियों और बस स्टाफ से भी पूछताछ करेगी. बताया जाता है कि एसआई पहले भी विवादों में रह चुका है.
महिलाओं से अभद्र व्यवहार और अनुशासनहीनता की शिकायतों के चलते उसे पहले लाइन अटैच किया गया था. हालांकि, अब तक उसके खिलाफ कोई बड़ी विभागीय कार्रवाई नहीं हुई थी.
ये भी पढ़ें- MP News: CBSE रिजल्ट आने के बाद नाखुश 12वीं के छात्र ने लगाई फांसी, परिजनों को कमरे में लटका मिला शव