8 फरवरी से फिर बदलेगा मौसम! शिवपुरी में बढ़ रहे सर्दी-जुकाम के मरीज, सिविल सर्जन ने दी सलाह

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में 8 फरवरी से मौसम फिर बदल सकता है. दिन में गर्मी और सुबह‑शाम सर्दी के कारण सर्दी‑जुकाम, बुखार और वायरल के मरीज बढ़ रहे हैं. शिवपुरी जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Madhya Pradesh Weather Change: 8 फरवरी से मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. मध्य प्रदेश के शिवपुरी समेत कई जिलों में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. दोपहर में तेज धूप और गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और शाम ठंड फिर से लोगों को परेशान कर रही है. इस बदलते मौसम का सीधा असर लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है. शिवपुरी जिला अस्पताल में सर्दी‑जुकाम, बुखार और वायरल से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है. इसे लेकर सिविल सर्जन ने भी सतर्क रहने की सलाह दी है.

दिन में गर्मी, सुबह‑शाम सर्दी से लोग परेशान

पिछले कुछ दिनों से मौसम का यह अजीब मिजाज लोगों को असमंजस में डाल रहा है. दोपहर के समय चटख धूप और गर्मी का एहसास होता है, वहीं सुबह और शाम ठंडी हवा चलने से सर्दी महसूस हो रही है. इसी कारण लोग कपड़ों और दिनचर्या में तालमेल नहीं बैठा पा रहे हैं, जिसका असर सीधे सेहत पर पड़ रहा है.

8 फरवरी से फिर बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक, 8 फरवरी से एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को दोबारा सर्दी का एहसास होगा.

अस्पतालों में बढ़े सर्दी‑जुकाम और वायरल के मरीज

लगातार बदलते मौसम का असर अस्पतालों में साफ दिखाई दे रहा है. शिवपुरी जिला अस्पताल की ओपीडी में सर्दी‑जुकाम, बुखार और वायरल संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है. डॉक्टरों के मुताबिक, अचानक तापमान ऊपर‑नीचे होने से वायरस ज्यादा सक्रिय हो जाते हैं, जिससे लोग जल्दी चपेट में आ रहे हैं.

Advertisement

सिविल सर्जन ने क्या कहा

सिविल सर्जन डॉ. वीएल यादव ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वायरल और बुखार के मरीज बढ़े हैं. उन्होंने कहा कि जब मौसम अचानक बदलता है और तापमान में उतार‑चढ़ाव होता है, तो इसका असर शरीर पर पड़ता है. खासतौर पर खुले में घूमने और सही देखभाल न करने से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्थिति अभी गंभीर नहीं है.

पुरानी बीमारियों वाले मरीज रहें ज्यादा सावधान

डॉ. यादव के अनुसार, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और सीओपीडी जैसी पुरानी बीमारियों से ग्रसित मरीजों पर मौसम का असर ज्यादा पड़ता है. ऐसे लोग वायरल संक्रमण की चपेट में जल्दी आ सकते हैं. उन्होंने सलाह दी कि मौसम स्थिर होने तक सावधानी बरतें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें.

Advertisement

मौसम स्थिर होने पर स्थिति सुधरने की उम्मीद

सिविल सर्जन का कहना है कि जैसे ही मौसम स्थिर होगा और बसंत अपने पूरे प्रभाव में आएगा, मरीजों की संख्या में भी कमी आने लगेगी. फिलहाल लोगों को बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए गर्म कपड़े पहनने, साफ‑सफाई रखने और खान‑पान का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है.