विज्ञापन

भाई की याद में रक्षाबंधन पर महिला ने दी जान, कुछ समय पहले दो भाइयों का हो चुका था निधन

शिवपुरी के महलसराय क्षेत्र में रक्षाबंधन के दिन एक 45 वर्षीय महिला की मौत से शोक का माहौल है. परिजनों के अनुसार, महिला अपने दिवंगत भाइयों को याद कर भावुक थी. घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

भाई की याद में रक्षाबंधन पर महिला ने दी जान, कुछ समय पहले दो भाइयों का हो चुका था निधन

रक्षाबंधन के दिन शिवपुरी जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई. देहात थाना क्षेत्र की महलसराय बस्ती में रहने वाली 45 वर्षीय राम सनेही आदिवासी ने अपने भाइयों को याद करते हुए कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. परिजनों के अनुसार, उनके दोनों भाइयों का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका था और रक्षाबंधन के मौके पर उनकी याद उन्हें लगातार परेशान कर रही थी.  

रक्षाबंधन की चर्चा के बीच भावुक हो गईं महिला

जानकारी के मुताबिक, राम सनेही आदिवासी का मायका पास के घाटी गांव में था. उनके दो भाई थे, जिनका असमय निधन हो चुका था. रक्षाबंधन के अवसर पर आसपास की महिलाएं अपने भाइयों को राखी बांधने और त्योहार की तैयारियों को लेकर बातचीत कर रही थीं. इसी दौरान राम सनेही को अपने भाइयों की याद आ गई. परिजनों का कहना है कि पिछले कुछ समय से वह उन्हें याद कर भावुक थीं और त्योहार के दिन उनका दुख और बढ़ गया.

पति का पहले ही हो चुका था निधन

परिवार के अनुसार, राम सनेही का जीवन लंबे समय से संघर्षों से भरा रहा. उनके पति फेरन आदिवासी का कई वर्ष पहले निधन हो गया था. इसके बाद वह अपने दो बेटों के साथ रह रही थीं. दोनों बेटे मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे और मां का भी सहारा बने हुए थे.

घर लौटे बेटों को मिला दुखद समाचार

गुरुवार रात करीब 8 बजे जब दोनों बेटे रोज की तरह काम से घर लौटे, तो उन्होंने मां को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद घर के अंदर जाकर देखा तो उनकी मां मृत अवस्था में मिलीं. यह दृश्य देखकर दोनों बेटे स्तब्ध रह गए. उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलने के बाद देहात थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.

मानसिक तनाव के एंगल से जांच

जांच अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला मानसिक तनाव और भावनात्मक आघात से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी. रक्षाबंधन जैसे खुशियों के पर्व पर हुई इस घटना ने न केवल परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे महलसराय क्षेत्र को भी दुखी कर दिया.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close