विज्ञापन

नेशनल हाईवे पर एसिड से भरे कंटेनर में भड़की आग, 4 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

शिवपुरी जिले के नेशनल हाईवे‑46 पर एसिड और पेंट से भरे कंटेनर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. चलती गाड़ी में इंजन से उठी आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसे बुझाने में दमकल विभाग को करीब चार घंटे की मशक्कत करनी पड़ी. ड्राइवर ने समय रहते कूदकर जान बचाई.

नेशनल हाईवे पर एसिड से भरे कंटेनर में भड़की आग, 4 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

Acid Container Fire: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते‑होते टल गया. नेशनल हाईवे‑46 पर एसिड और पेंट से भरे एक कंटेनर में अचानक आग लग गई. आग इतनी भयानक थी कि कुछ देर के लिए पूरे हाईवे पर अफरा‑तफरी मच गई. हालांकि ड्राइवर की सूझबूझ और दमकल विभाग की कड़ी मेहनत से करीब चार घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया.

चलते कंटेनर में अचानक लगी आग

यह घटना शिवपुरी जिले के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे‑46 पर मुड़खेड़ा टोल प्लाजा से पहले की है. जानकारी के अनुसार, कंटेनर इंदौर से आगरा (उत्तर प्रदेश) की ओर जा रहा था. इसी दौरान चलते वाहन के इंजन में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया.

पेंट, वार्निश और एसिड से भरा था कंटेनर

कंटेनर (नंबर NL 01 AA 5022) में ऑयल पेंट, वार्निश और एसिड जैसे ज्वलनशील पदार्थ भरे हुए थे. जैसे ही आग इंजन से केबिन तक पहुंची, वैसे ही आग ने पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया. अंदर रखे खतरनाक केमिकल्स की वजह से आग तेजी से फैलती चली गई.

ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

ड्राइवर चंदू, जो हरियाणा का रहने वाला है, ने आग लगते ही हालात की गंभीरता को समझा. उसने तुरंत कंटेनर सड़क किनारे रोक दिया और छलांग लगाकर अपनी जान बचाई. ड्राइवर की सतर्कता से एक बड़ी जनहानि टल गई.

चार घंटे तक चला आग बुझाने का अभियान

आग की सूचना मिलते ही सुभाषपुरा थाना प्रभारी राजीव दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. आग बुझाने के लिए दो दमकल वाहन लगाए गए. दमकल कर्मियों को बार‑बार पानी भरकर आग पर काबू पाने की कोशिश करनी पड़ी. बताया गया कि करीब छह बार पानी भरकर लगातार प्रयास किए गए, तब जाकर लगभग चार घंटे बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका.

ब्लास्ट होता तो बन सकता था बड़ा हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर कंटेनर में भरे ज्वलनशील पदार्थों के कारण ब्लास्ट हो जाता, तो यह हादसा बेहद गंभीर रूप ले सकता था. हाईवे पर बड़ी दुर्घटना और जान‑माल के भारी नुकसान की आशंका बनी हुई थी, लेकिन समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया. आग बुझने के बाद जेसीबी की मदद से जले हुए कंटेनर को सड़क किनारे से हटाया गया, ताकि यातायात धीरे‑धीरे सामान्य हो सके. घटना की वजह से कुछ समय तक हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही.

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आग लगने के कारणों की पड़ताल की जा रही है कि तकनीकी खराबी थी या कोई अन्य वजह. देर दोपहर हुए इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर खतरनाक सामान ढोने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close