Satna Bus Accident: सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यात्रियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई. इस हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सतना-चित्रकूट रोड पर हाटी मोड़ के पास हुआ. नफीस ट्रेवल्स की यह बस सतना से चित्रकूट की ओर जा रही थी. बताया जा रहा है कि बस की रफ्तार तेज थी और मोड़ के पास पहुंचते ही चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई.
ऑटो को बचाने में चला हादसे का सिलसिला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाटी मोड़ पर अचानक एक ऑटो बस के सामने आ गया. ऑटो को बचाने की कोशिश में बस चालक ने तेजी से बस मोड़ी, लेकिन इसी दौरान वह नियंत्रण खो बैठा. देखते ही देखते बस पलट गई और यात्री एक-दूसरे पर गिर पड़े. हादसे के बाद मौके पर यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी. बस में फंसे लोग मदद के लिए पुकारने लगे. आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए. स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई.
कुछ यात्रियों की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और 112 एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को जिला अस्पताल सतना पहुंचाया गया. अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका विशेष उपचार किया जा रहा है. डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की निगरानी कर रही है.
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अचानक सामने आए वाहन को हादसे की वजह माना जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.