विज्ञापन

शिकंजी पी रहे युवकों को कार ने मारी टक्कर, दुकानदार की मौत, तीन अन्य गंभीर घायल

खंडवा जिले के अमरावती स्टेट हाईवे पर रविवार शाम तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे शिकंजी पी रहे युवकों को टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में शिकंजी ठेला संचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

शिकंजी पी रहे युवकों को कार ने मारी टक्कर, दुकानदार की मौत, तीन अन्य गंभीर घायल

Speeding Car Hits Youths: खंडवा जिले के अमरावती स्टेट हाईवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. सड़क किनारे शिकंजी के ठेले पर खड़े युवकों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी. इस हादसे में ठेला संचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा‑तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

अमरावती हाईवे पर हुआ हादसा

यह हादसा खंडवा‑अमरावती स्टेट हाईवे पर ग्राम जसवाड़ी के पास शाम करीब 6 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि एक कार खंडवा से सिंगोट की ओर जा रही थी. तेज रफ्तार होने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे लगे शिकंजी के ठेले की ओर जा घुसी.

शिकंजी पी रहे युवकों को चपेट में लिया 

हादसे के समय चार युवक ठेले के पास खड़े होकर शिकंजी पी रहे थे. सभी युवक पास के गांवों के रहने वाले थे और अपनी बाइकों से वहां रुके थे. अचानक आई कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे सभी दूर जा गिरे. इस दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय श्याम पिता अमन तंवर, निवासी जसवाड़ी की मौके पर ही मौत हो गई. श्याम ठेले पर शिकंजी बेचने का काम करता था. हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया.

तीन घायल जिला अस्पताल में भर्ती

हादसे में घायल तीन अन्य युवकों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है.

कार चालक मौके से फरार

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. दुर्घटना में कार, शिकंजी का ठेला और दो मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस कार और फरार चालक की पहचान में जुटी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close