विज्ञापन

11 साल के मासूम की हत्या के पीछे एकतरफा प्यार का शक; सतना के नीले ड्रम जैसी घटना में बहन के बयान से बड़ा खुलासा

Satna Child Murder Case: सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय शिवराज रजक की हत्या मामले में नया खुलासा. बहन ने आरोपी पर मां से एकतरफा प्यार और धमकी देने का आरोप लगाया. पढ़िए पूरी क्राइम कुंडली.

11 साल के मासूम की हत्या के पीछे एकतरफा प्यार का शक; सतना के नीले ड्रम जैसी घटना में बहन के बयान से बड़ा खुलासा
सतना हत्याकांड : 11 वर्षीय शिवराज की हत्या में नया एंगल, मां से एकतरफा प्यार बना वजह

Satna Child Murder Case: मध्यप्रदेश के सतना शहर में 11 वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. कोलगवां थाना क्षेत्र की बैंक कॉलोनी में हुए इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड में अब नए और चौंकाने वाले एंगल सामने आ रहे हैं. मृतक शिवराज रजक की बहन ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि हत्या के पीछे आरोपी का उनकी मां से एकतरफा प्यार था. शादी से इनकार के बाद आरोपी ने गुस्से में आकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया. पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है.

क्या था पूरा मामला?

कोलगवां थाना क्षेत्र के बैंक कॉलोनी में रहने वाले 11 वर्षीय शिवराज रजक पिता रमेश रजक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. शिवराज का गला हसिया से रेत दिया गया और बाद में उसका शव घर के एक कमरे में रखे नीले ड्रम में छिपाकर रख दिया गया. वारदात की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्रम से शव बरामद किया, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

बहन ने बताया हत्या का संभावित कारण

मृतक की बहन सेजल ने पुलिस को बताया कि हत्या का मुख्य कारण आरोपी का उनकी मां से एकतरफा प्यार था. उसका कहना है कि आरोपी मथुरा रजक काफी समय से उनकी मां पर शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन मां ने साफ इनकार कर दिया था. इस बात से आरोपी बेहद नाराज था और उसने मां को धमकी दी थी कि वह बेटे को नुकसान पहुंचाएगा. बहन के अनुसार, आरोपी ने इसी रंजिश में शिवराज की हत्या कर डाली.

Satna Crime News: शिवराज रजक की हत्या

Satna Crime News: शिवराज रजक की हत्या

पहले भी दे चुका था धमकी

परिजनों के मुताबिक, आरोपी ने शादी से इनकार के बाद गुस्से में कई बार डराने‑धमकाने की कोशिश की थी. उसने यह तक कह दिया था कि अंजाम बुरा होगा. शुरू में परिवार ने इन धमकियों को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन अब हत्या के बाद उन बातों की पुष्टि होती नजर आ रही है.

घर से बरामद हुआ हत्या का हथियार

घटना की सूचना मिलते ही कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी, एफएसएल टीम और डॉ. महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान हत्या में इस्तेमाल किया गया रक्तरंजित हसिया बरामद किया. साक्ष्यों को सुरक्षित कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद मासूम का शव परिजनों को सौंप दिया गया.

सीधी जिले का रहने वाला है आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मथुरा रजक (45) मूल रूप से सीधी जिले का निवासी है. वह बैंक कॉलोनी में ड्राई‑क्लीन की दुकान चलाता था और वहीं रहता था. वारदात के बाद से वह दुकान और घर बंद कर फरार हो गया है. उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आ रही है.

आरोपी की तलाश में तीन टीमें

एडिशनल एसपी शिवेश सिंह ने बताया कि मुख्य संदेही की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं. पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और आरोपी से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.

इलाके में शोक और आक्रोश

मासूम की हत्या के बाद बैंक कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में शोक और गुस्से का माहौल है. लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का पूरा खुलासा किया जाएगा.

यह भी पढ़ें : पुरानी रंजिश में दोस्त बना कातिल; भिंड के मेहगांव में युवक की गोली मारकर हत्या, पांच आरोपी फरार

यह भी पढ़ें : Magician Is Compromised; भोपाल तक पहुंचा कांग्रेस का पोस्टर वार, राहुल गांधी के बयान को लेकर मचा सियासी घमासान

यह भी पढ़ें : कलेक्टर मैडम ! 34 एकड़ की फसल रातों-रात गायब; सागर में किसान की फरियाद ने खड़ा किया सवाल

यह भी पढ़ें : प्रेमिका को भगाने आया युवक पकड़ा गया, भीड़ ने खंभे से बांधकर की पिटाई, सतना में देर रात मच गया हंगामा

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close