Bhind Murder Case: मध्यप्रदेश के भिंड जिले में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खौफनाक रूप ले लिया. मेहगांव थाना क्षेत्र के कैथोदा गांव में 20 अप्रैल की रात एक युवक की उसके ही पुराने दोस्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात इतनी बेरहमी से अंजाम दी गई कि मौके पर ही युवक ने दम तोड़ दिया. हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए, जिससे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.
दोस्ती से दुश्मनी तक पहुंची कहानी
मृतक की पहचान गिर्राज गुर्जर के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार गिर्राज और मुख्य आरोपी आसवीर गुर्जर के बीच पहले गहरी दोस्ती हुआ करती थी. दोनों अक्सर साथ उठते-बैठते थे, लेकिन कुछ समय पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और दोस्ती में दरार आ गई. आए दिन कहासुनी और झगड़े होने लगे, जिसके चलते दोनों के बीच दुश्मनी पनप गई.

Bhind Murder Case: पुरानी रंजिश में दोस्त बना कातिल, युवक की गोली मारकर हत्या
घात लगाकर किया गया हमला
घटना वाली रात गिर्राज गुर्जर अपने भाइयों प्रताप, विष्णु और करू के साथ खैरिया गांव से एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से अपने गांव कैथोदा लौट रहा था. जैसे ही वे कैथोदा गांव के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे आसवीर गुर्जर, रामभान गुर्जर और अमर सिंह गुर्जर ने अपने अन्य साथियों नीटू गुर्जर और साहब सिंह गुर्जर के साथ मिलकर उनका रास्ता रोक लिया.
गाली-गलौज के बाद चली गोलियां
आरोपियों ने गिर्राज के साथ पहले गाली-गलौज शुरू की, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई. इसी दौरान मुख्य आरोपी आसवीर गुर्जर ने बंदूक निकाली और गिर्राज के सीने में गोली मार दी. गोली लगते ही गिर्राज जमीन पर गिर पड़ा. इसके बाद अमर सिंह गुर्जर ने भी फायर किया. अन्य आरोपी नीटू गुर्जर और साहब सिंह गुर्जर हथियारों के साथ मौजूद रहे और आसवीर को और हमला करने के लिए उकसाते रहे. गंभीर रूप से घायल गिर्राज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
गांव में मची अफरा-तफरी
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है.
पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही मेहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं.
पांच आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में पांचों आरोपियों (आसवीर गुर्जर, रामभान गुर्जर, अमर सिंह गुर्जर, नीटू गुर्जर और साहब सिंह गुर्जर) के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है.
पुरानी रंजिश बनी वजह : परिजन
मृतक के परिजन कौशल गुर्जर ने बताया कि सभी लोग निमंत्रण से लौट रहे थे, तभी आरोपियों ने रास्ते में घेर लिया और पुरानी रंजिश के चलते गोली मार दी. उनका कहना है कि पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ करता था.
पुलिस का बयान
महेश शर्मा, टीआई, थाना मेहगांव ने बताया कि रात में सूचना मिली थी कि कैथोदा गांव के पास गोलीबारी की घटना में गिर्राज गुर्जर की हत्या हुई है. प्रारंभिक जांच में पुराना विवाद सामने आया है. पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, आरोपियों की तलाश जारी है. घटना के बाद से गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा.
यह भी पढ़ें : प्रेमिका को भगाने आया युवक पकड़ा गया, भीड़ ने खंभे से बांधकर की पिटाई, सतना में देर रात मच गया हंगामा
यह भी पढ़ें : ग्वालियर के सीसीटीवी में दिखे नकाबपोश, चप्पल से खुला राज; पांच घंटे में सुलझी 10 तोला लूट की कहानी
यह भी पढ़ें : किसानों को भटकना न पड़े; गेहूं उपार्जन को लेकर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सर्वर व स्लॉट बुकिंग पर ये कहा
यह भी पढ़ें : Magician Is Compromised; भोपाल तक पहुंचा कांग्रेस का पोस्टर वार, राहुल गांधी के बयान को लेकर मचा सियासी घमासान