मध्य प्रदेश के सागर में मोतीनगर थाने के भीतर किन्नरों के दो गुटों के बीच जमकर विवाद हुआ. बधाई मांगने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ा कि पुलिस के सामने ही चप्पलें चलने लगीं. पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
थाने के अंदर हाई वोल्टेज ड्रामा
सागर के मोतीनगर थाना परिसर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब किन्नरों के दो गुट आमने-सामने आ गए. मामूली विवाद देखते ही देखते गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गया. हालात ऐसे बने कि पुलिसकर्मियों के सामने ही एक-दूसरे पर चप्पलें तक फेंकी गईं, जिससे कुछ देर के लिए पूरा थाना परिसर तनाव में आ गया.
बधाई मांगने को लेकर पुराना विवाद
जानकारी के अनुसार, दोनों गुटों के बीच बधाई मांगने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. रविवार को गोलू किन्नर भोपाल रोड इलाके में बधाई मांगने पहुंचा था. इसी दौरान काजल किन्नर अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज और अभद्रता भी की गई, जिससे विवाद और भड़क गया.
थाने में ही भिड़ गए दोनों पक्ष
विवाद बढ़ने पर दोनों गुट शिकायत लेकर मोतीनगर थाने पहुंचे. शुरुआत में पुलिस समझाइश दे रही थी, लेकिन अचानक माहौल बिगड़ गया और दोनों पक्ष थाने के अंदर ही भिड़ गए. हाथापाई के दौरान चप्पलें चलने लगीं और जमकर हंगामा हुआ. स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.
पुलिस ने किया बीच-बचाव, मामला दर्ज
थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत के अनुसार, पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया. संध्या किन्नर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. थाने के अंदर इस तरह की घटना ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आमतौर पर सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में ही मारपीट होना सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाता है.
यह भी पढ़ें- भोपाल का गिद्ध पाकिस्तान पहुंचा: 7 दिन में 1274KM की उड़ान, जानें भारत से क्यों छोड़ा गया?