मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि चाहे सागर में जहरीली शराब का मामला हो या छिंदवाड़ा में कफ सीरप से बच्चों की मौत का मुद्दा, राज्य सरकार ने ऐसे सभी मामलों में तत्परता से कदम उठाए हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है. मुख्यमंत्री यादव यहां प्रदेश भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश में उनके जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान' की जानकारी दे रहे थे.
इस दौरान छिंदवाड़ा कफ सीरप कांड और हाल ही में सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों सहित पिछले कुछ महीनों में राज्य में हुई घटनाओं के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री यादव ने कहा, ‘‘जहां कहीं भी कोई घटना हुई है, सरकार ने तत्परता से कठोर कार्रवाई भी की है. ऐसी चुनौतियों से हम पहले भी निपट चुके हैं और आगे भी निपटेंगे.''
उन्होंने कहा कि सागर की घटना और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार ने प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
प्रदेश में हम हर साल एक लाख नौकरियां देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। ढाई लाख पदों पर पदोन्नतियां होंगी, जिसमें लगभग एक लाख पदोन्नतियां हो गई हैं।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 11, 2026
मध्यप्रदेश आज पूरे देश में सबसे तेज गति से निवेश लाने वाला राज्य भी बना है। हमने देश के साथ ही विदेश में भी निवेशकों का दिल… pic.twitter.com/vkKhtz6zc5
नशाखोरी के खिलाफ अभियान चल रहा
उन्होंने कहा, ‘‘प्रशासन ने कल घटना से जुड़े लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए कई कदम उठाए हैं. शराब कांड के मुख्य आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर किया गया है. प्रदेश में नशाखोरी के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.''
रवि लखेरा का शॉर्ट एनकाउंटर
बता दें कि सागर जिले में पिछले दिनों जहरीली शराब पीने से 16 लोगों की मौत हो गई थी. इस मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल रवि लखेरा को शुक्रवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया.
पिछले इलाकों में अस्पताल बनाए जा रहे
मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा कफ सिरप मामले में कहा कि रीवा-सतना से लेकर बैतूल और छिंदवाड़ा तक का क्षेत्र पिछड़ा रहा है और वहां बड़े पैमाने पर अस्पतालों की आवश्यकता थी. छिंदवाड़ा कफ सीरप मामले में 25 से अधिक बच्चों की मौत हो गई थी. उन्होंने कहा कि लोगों इलाज के लिए को जबलपुर और नागपुर ना जाना पड़े, इसके लिए सरकार ने वहां एलोपैथिक व आयुर्वेदिक सहित सभी प्रकार के अस्पताल बनाने पर जोर दिया है.
जबलपुर को मेट्रोपॉलिटिन सिटी बनाने की तैयारी
उन्होंने कहा, ‘‘इससे लोगों को जहां उचित इलाज मिलेगा. वहीं, स्थानीय स्तर पर रोजगार भी मिलेगा. अपने वाले समय में हम वहां और विकास के काम करेंगे. जबलपुर को मेट्रोपोलिटन सिटी बनाने की तैयारी जारी है और इससे आसपास के पूरे क्षेत्र को जोड़कर विकास के काम किए जा रहे हैं.''
पीएम के काम को युगों तक याद किया जाएगा
सीएम ने ‘सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 25 सालों के अपने सार्वजनिक जीवन में जो भी कार्य किए हैं, उन्हें युगों तक याद किया जाएगा. उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर व्यापार को बाधित करने के प्रयासों के बावजूद भारत अपने हितों को सर्वोपरि रखते हुए लगातार मजबूती से अपने कदम आगे बढ़ा रहा है.
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का वैश्विक प्रभाव लगातार बढ़ा है. जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब अमेरिका ने उन्हें वीजा देने से इनकार किया था. आज वही भारत वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है.''
गुजरात में किया विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने की उनकी दूरदृष्टि इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है, क्योंकि उस समय रिफाइनरी को लेकर सवाल उठाए गए थे, लेकिन आज वही दूरदर्शिता देश के हित में साबित हो रही है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है और आज भारत अपने राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए विश्व के बड़े देशों से आत्मविश्वास के साथ संवाद कर रहा है.
वैश्विक मंच पर भारत का बढ़ रहा प्रभाव
उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका और चीन जैसे देशों के साथ भारत के बढ़ते संबंध तथा वैश्विक मंच पर बढ़ता प्रभाव, दुनिया में भारत की मजबूत स्थिति को दर्शाते हैं. वहीं, वैश्विक उथल-पुथल के बीच भी भारतीय अर्थव्यवस्था की निरंतर मजबूती प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व पर विश्वास को और मजबूत करती है.''
सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात से शुरू हुई विकास की यात्रा आज पूरे देश को दिशा दे रही है और उनके नेतृत्व में भाजपा ने न केवल जनसेवा का नया अध्याय लिखा, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में अपनी पहचान बनाई.
एमपी में नदियों को जोड़ा जा रहा
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा शुरु किए गए ‘नदी जोड़ो अभियान' के तहत केन-बेतवा और कालीसिंध-चंबल जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की सौगात मध्य प्रदेश को मिली है. प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से ऊर्जा के क्षेत्र, विशेषकर हरित ऊर्जा में मध्यप्रदेश समेत भारत में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है. वहीं, मेडिकल कॉलेज के क्षेत्र में राज्यभर में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और इसी कड़ी में 85,000 से अधिक शासकीय सेवाओं में नौकरी दी गई है. उन्होंने कहा, ‘‘हर वर्ष हम लगभग एक लाख नई नौकरियां प्रदान करेंगे. वहीं, लगभग ढाई लाख पदों पर पदोन्नतियां होंगी.''
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश दुनियाभर से सबसे तेज निवेश लाने की दिशा में देश का अग्रणी राज्य बना है और अगले वर्ष भोपाल में फिर एक बार वैश्विक निवेश सम्मेलन आयोजित किया जाएगा.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)