विज्ञापन

हाईवे पर ‘मौत का बोरा’! रोटी-ककड़ी हाथ में, साड़ी के पल्लू से कसकर कौन बांध गया लाश?

Sagar Murder Case: मध्य प्रदेश के सागर जिले में हाईवे किनारे बोरे में शव मिलने से सनसनी फैल गई है. पुलिस हत्या की आशंका मानकर हर एंगल से जांच में जुटी है.

हाईवे पर ‘मौत का बोरा’! रोटी-ककड़ी हाथ में, साड़ी के पल्लू से कसकर कौन बांध गया लाश?

Sagar Murder Case: मध्‍य प्रदेश के सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर-कानपुर हाईवे पर एक बंद बोरे में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है.

हाईवे किनारे संदिग्ध बोरे से खुला राज

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह राहगीरों ने हाईवे किनारे राजा ढाबा के पास एक संदिग्ध बोरा पड़ा देखा. बोरे से बदबू आने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरा खुलवाया तो उसमें एक व्यक्ति का शव मिला, जिसे साड़ी के पल्लू से कसकर बांधा गया था. इस तरह शव को छिपाने की कोशिश किए जाने से मामला संदिग्ध हो गया.

मृतक की पहचान और परिवार का बयान

मृतक की पहचान नरेंद्र अहिरवार (उम्र 40 वर्ष) निवासी ग्राम भेड़ा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी और 12 वर्षीय बेटी के साथ रहता था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. परिजनों के अनुसार, नरेंद्र रविवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. इसके बाद परिवारजन उसकी तलाश कर रहे थे, तभी सोमवार सुबह उसकी मौत की सूचना मिली.

मौके से मिले चौंकाने वाले सुराग

घटनास्थल से मिले सुरागों ने मामले को और गंभीर बना दिया है. मृतक के एक हाथ में रोटी और दूसरे हाथ में ककड़ी का टुकड़ा मिला है, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वह घटना के समय भोजन कर रहा था या कहीं से लौट रहा था. इसके अलावा उसकी शर्ट की जेब से बीड़ी का बंडल भी बरामद हुआ है.

शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान

सबसे अहम बात यह है कि मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. पुलिस के अनुसार, उसकी गर्दन और कान के पास कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के कारणों की पुष्टि हो सके.

CCTV में दिखा संदिग्ध वाहन

पुलिस ने जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. राजा ढाबा पर लगे कैमरों की जांच में एक संदिग्ध वाहन दिखाई दिया है, जो घटना के समय के आसपास वहां मौजूद था. पुलिस उस वाहन की पहचान करने और उसके चालक तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

इसके साथ ही ढाबा संचालक और वहां काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़ी कोई अहम जानकारी मिल सके. पुलिस सभी संभावित पहलुओं पुरानी रंजिश, लूट या अन्य कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि हाईवे पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें- IAS लव स्टोरी: 1300 KM दूर से आया UPSC वाला प्यार! सरकार ने एक ही ज‍िले में दे दी पोस्‍ट‍िंग

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close