Sagar Fraud News: सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र में बाबा के भेष में महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. आरोपी महिलाओं को उनके पति पर संकट आने का भय दिखाकर उन्हें मानसिक रूप से डरा देता था और फिर पूजा-पाठ के बहाने उनके कीमती जेवरात लेकर मौके से फरार हो जाता था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया सोने-चांदी का सामान भी बरामद कर लिया है.
महिलाओं को बना रहा था निशाना
थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को बीते दिनों क्षेत्र में इस तरह की ठगी की घटनाओं की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. इन घटनाओं में एक ही तरीके से महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा था, जिससे पुलिस को शक हुआ कि इसके पीछे कोई संगठित या आदतन अपराधी हो सकता है. शिकायतों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल को खमरिया रोड भदभदा निवासी मालती प्रजापति ने जैसीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी.

Sagar Fraud: 36 सोने के गुरिया, 2 सोने के पेंडल, 10 इलायची आकार के सोने के गुरिया, एक सोने की चेन और पायल बरामद
ऐसे देता था वारदात को अंजाम
मालती ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति बाबा का भेष धारण कर उसके घर पहुंचा और बातचीत के दौरान उसके पति पर किसी अनिष्ट या संकट की आशंका जताई.आरोपी ने महिला को इस कदर भयभीत कर दिया कि वह उसकी बातों में आ गई. इसके बाद आरोपी ने पूजा करने की बात कहते हुए उससे उसका मंगलसूत्र उतारकर एक रुमाल में रखने को कहा. जैसे ही महिला ने ऐसा किया, आरोपी मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया. कुछ देर बाद जब महिला ने रुमाल खोला तो उसमें रखा मंगलसूत्र गायब था.
इसी प्रकार की एक और घटना 8 अप्रैल को धाऊ गांव में सामने आई थी, जहां हेमलता पटेल नामक महिला को भी आरोपी ने इसी तरह ठग लिया था. आरोपी ने बाबा बनकर पहले महिला को विश्वास में लिया, फिर उसके पति के ऊपर संकट की बात कहकर उसे डराया और पूजा के नाम पर उसके जेवर लेकर फरार हो गया. लगातार सामने आ रही इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने इलाके में संदिग्ध लोगों की तलाश शुरू की. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इस तरह की वारदातों में शामिल एक व्यक्ति राहतगढ़ क्षेत्र में देखा गया है.
पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा
सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी कर आरोपी बालमुकुंद उर्फ हलुआ, निवासी ग्राम बेरखेड़ी थाना राहतगढ़ को पकड़ लिया.
थाने लाकर जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने जैसीनगर क्षेत्र में हुई दोनों ठगी की घटनाओं को कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि वह जानबूझकर बाबा का वेश धारण करता था ताकि लोग उस पर आसानी से विश्वास कर लें. वह खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को निशाना बनाता था, क्योंकि वहां अंधविश्वास और धार्मिक भावनाओं का फायदा उठाना उसके लिए आसान होता था.
सोने के गहने बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है. बरामद माल में 36 सोने के गुरिया, 2 सोने के पेंडल, 10 इलायची आकार के सोने के गुरिया, एक सोने की चेन और पायल शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए जेवरात की पहचान पीड़ित महिलाओं से कराई जाएगी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी प्रतीत होता है और उसने राहतगढ़ क्षेत्र सहित आसपास के अन्य इलाकों में भी इसी तरह की वारदातें करना कबूल किया है. पुलिस अब उससे अन्य संभावित मामलों के बारे में भी पूछताछ कर रही है, ताकि और पीड़ितों की पहचान की जा सके और उन्हें न्याय दिलाया जा सके. पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस तरह के ढोंगी बाबाओं और अज्ञात व्यक्तियों से सावधान रहें. किसी भी अजनबी की बातों में आकर अपने कीमती सामान को न सौंपें और संदेह होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है. मामले की आगे की जांच जारी है.